ED ने आजम खान पर कसा शिकंजा, डीएम से मांगा अवैध संपत्ति का ब्यौरा
रामपुर। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और सांसद आजम खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। रामपुर में किसानों की जमीन हड़पने के 27 मामले दर्ज होने के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) आजम खान की कुंडली खंगालने में जुट गया है। इसके लिए ईडी ने आजम खान से संबंधित मुकदमों की एफआईआर जुटाना शुरू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, ईडी ने आजम खान के खिलाफ कार्रवाई और उनसे संबंधित संपत्ति का ब्यौरा मांगा है।

वहीं, इस मामले पर जिलाधिकारी आंजनेय कुमार ने मीडिया को बताया कि हमारे पास अभी ईडी की तरफ से लेटर आया है जिन-जिन मामलों में अभी तक जौहर यूनिवर्सिटी और जौहर ट्रस्ट के मामले में जो जांच हुई है या कोई कार्रवाई की गई है, उसका विवरण मांगा है। साथ ही जो विवादित संपत्ति है उसकी डिटेल और वर्तमान मैं क्या हो रहा है उसका विवरण मांगा गया है। साथ ही पुलिस से जमीनों पर अवैध कब्जों से लेकर अन्य सभी मामलों में दर्ज मुकदमों की प्रतियां मांगी हैं।
मदरसा आलिया और दारुल अवाम की लीज रद्द करने की सिफारिश
बता दें कि भू-माफिया घोषित होने के बाद अब जिला प्रशासन ने जौहर ट्रस्ट को लीज पर दी गई 2 बिल्डिंगों- मदरसा आलिया और दारुल अवाम की लीज को निरस्त करने की संस्तुति शासन से की है। दोनों ही बिल्डिंगें सपा शासन काल में मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट को लीज पर दी गई थीं। रामपुर जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह की मानें तो लीज रद्द करने की संस्तुति की रिपोर्ट काफी समय पहले शासन को भेजी जा चुकी हैं। इसमें एसआईटी की जांच भी चल रही है इसलिए ये एसआईटी की जांच के अधीन है।












Click it and Unblock the Notifications