अरब सागर में डूबा भारतीय जहाज, लहरों को मात देकर कोस्ट गार्ड्स ने रेस्क्यू से 7 बचाए
Gujarat News in Hindi, द्वारका। अरब सागर में गुजरात के जखौ तट से कुछ किलोमीटर की दूरी पर एक जहाज डूब गया। इसका पता चलने पर भारतीय तट रक्षक बल (indian coast guard) के जवानों ने बचाव अभियान शुरू किया। अभियान के तहत 7 क्रू मेंबर्स को बचाया गया, हालांकि एक व्यक्ति गहरे पानी में चले जाने के कारण लापता हो गया। इस घटना के बाद अलर्ट जारी कर मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने के लिए कहा गया है।

जखौ तट के पास जहाज डूबा, कई अन्य जहाजों में भी पानी भरा
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम से इस क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते तेज रफ्तार की हवाएं चल रही हैं। समुद्र से सटी इन हवाओं की गति 50 किमी प्रति घंटे से भी ज्यादा है। ऐसे में दो दिनों तक समुद्री सीमा में अलर्ट घोषित किया गया है। जो जहाज डूबने लगा, वह आंधी के चलते ही पानी भर जाने की वजह से जलमग्न हुआ। भारतीय तट रक्षक बल के अधिकारी ने बताया है कि लापता व्यक्ति को खोजने में लगे हैं। साथ ही और भी कई जहाजों में पानी भर जाने के कारण उनका भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

जून-2017 में भी डूबा था जहाज
इससे पहले जून-2017 में भी कच्छ के कंड़ला समुद्र में गिरजा-2 नामक जहाज डूब गया था। तब भी भारतीय तट रक्षक बल द्वारा कंड़ला पोर्ट समेत अन्य बोटों की मदद से उस जहाज के 7 मेंबर्स की जान बचाई गई थी। गिरजा-2 1500 टन फर्टिलाइजर का सामान लोड करके निकल रहा था, तभी हादसा हुआ।

पाकिस्तानियों की भी बचाई थी जान
भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों की जान भी समुद्र में कई बार बचाई गई। जिस दिन पाकिस्तान में एक सनकी सैन्य अदालत ने भारतीय नौसेना के एक पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव को फांसी देने का आदेश दिया, भारतीय तटरक्षक बल ने तब 2 पाकिस्तानी समुद्री कमांडो की जान बचाई थी। यह घटना ठीक 2 साल पहले की है। तटरक्षक बल के अनुसार, 9 अप्रैल को रात लगभग 8.30 बजे, मुंबई में मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर को कराची से एक संकटकालीन कॉल मिला था। पाकिस्तानी समुद्री सुरक्षा एजेंसी (PMSA) की एक स्पीड बोट नियमित गश्ती के दौरान गायब हो गई थी। वह भारतीय जल में बह गई थी। मगर, भारतीय तटरक्षक बल ने पाकिस्तानियों को सही सलामत बचा लिया।












Click it and Unblock the Notifications