9 साल की शेरनी के बाद गुजरात में मरा मिला 3 माह का शावक, 8 शेरों को पकड़कर ले जाएंगे इटावा
Gujarat News, राजकोट। गुजरात में एक 9 साल की शेरनी के मृत पाए जाने के बाद अब तुलसीश्याम रेन्ज से 3 मास के शेर शावक की मृतदेह मिली है। यह मृतदेह भाणीया राउन्ड की वीडी से बरामद हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वनतंत्र का काफिला उसे पोस्टमार्टम के लिए ले गया। हालांकि, शेरों की मौत हो क्यों रही हैं, इसकी ठोस वजह पता नहीं चल पाईं हैं। इसी बीच कम से कम 8 शेरों को यूपी के इटावा पहुंचाने की खबर है।

3 महीने के शाव के मृत मिलने के बारे में स्थानीय निवासियों का कहना है कि तुलसीश्याम रेन्ज का भाणीया राउन्ड पिछले कई समय से भगवान भरोसे चल रहा है। यहां के अधिकारी व स्टाफ हेडक्वार्टर में रहने के बजाय अपडाउन करते हैं। पिछले दिनों 9 साल की शेरनी के मृतदेह के बारे में खुलासा हुआ था कि वनतंत्र को उसकी जानकारी 25 दिनों के बाद हो पाई थी। इस बार शेर के शावक की लाश मिलने पर फिर इस क्षेत्र में शेरों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
इटावा क्यों भेजे जाएंगे शेर?
वहीं, खबर यह भी है कि गुजरात से इसी नवरात्र में 8 शेर इटावा सफारी के लिए भेजे जा रहे हैं। इनमें 3 शेर व 5 शेरनी शामिल हैं। इन शेरों को गुजरात के जूनागढ़ से इटावा सफारी पहुंचाने के लिए पिंजरा आदि तैयार किए जा रहे हैं, ताकि सड़क मार्ग से इन्हें वहां भेजा जा सके। पिछले दिनों सफारी के डायरेक्टर वीके सिंह ने गुजरात के जूनागढ़ का दौरा किया था, जहां से इन शेरों को लाया जाना है। उन्होंने बताया कि जिन शेरों को जूनागढ़ से लाया जाएगा, उन्हें चिन्हित कर लिया गया है। उनका चिकित्सीय परीक्षण भी हो गया है। अन्य तैयारियां तेजी से चल रही हैं और तैयारियां पूरी होते ही इन्हें इटावा सफारी लाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications