पुलवामा के शहीदों के परिवारों को कांग्रेस विधायक देंगे अपनी 1 माह की सैलरी, किया ये आह्वान
Gujarat News, राजकोट। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में भीषण ब्लास्ट (Pulwama Attack) में शहीद हुए जवानों के परिजनों को मदद देने में देश का हर तबका अपने-अपने स्तर के प्रयास कर रहा है। गुजरात में कांग्रेस के एक विधायक ने अपनी एक माह की तनख्वाह शहीदों के नाम देने का फैसला लिया है। यहां धोराजी उपलेटा के विधायक ललित वसोया (Congress MLA Lalit Vasoya) अपनी आने वाली तनख्वाह शहीदों के परिजनों के लिए डॉनेट करेंगे।

'कांग्रेस हो चाहे भाजपा, सांसदों को भी ऐसे ही आगे आना चाहिए'
बकौल वसोया, ''अपनी तनख्वाह का बड़ा हिस्सा मैं गरीबों के इलाज के लिए खर्च करता रहा हूं। इस बार मैंने पुलवामा के शहीदों नाम अपनी एक माह की पूरी तनख्वाह देने निर्णय किया है। मुझे लगता है कि ऐसे दुःखद मौकों पर कांग्रेस भाजपा के सांसदों को भी इसी तरह पीड़ित परिवारों के लिए आगे आना चाहिए। मैंने तो गुजरात में छोटी सी शुरूआत की है।''

प्रदूषण के खिलाफ जलसमाधि का किया था ऐलान
बता दें कि सूबे के धाेराजी में भादर डेम-2 में प्रदूषित पानी पर जब राज्य सरकार ध्यान नहीं दे रही थी, तो ललित वसोया ने जलसमाधि की चेतावनी दे दी थी। उन्हें रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा यहां काफी संख्या में सुरक्षा बलाें की तैनाती की गई थी। किंतु इसके बावजूद भी यह विधायक उस रोज की सुबह भूखी गांव में जल समाधि लेने वाले थे। इसके पहले एक जनसभा का भी आयोजन किया गया था।

सभा के बाद विधायक जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ डेम की ओर निकले, वैसे ही पुलिस ने उन्हें और हार्दिक पटेल को हिरासत में ले लिया था। तब ललित वसोया ने कहा था कि सौराष्ट्र की भादर नदी में दूषित पानी छोडने व 50 से अधिक गांवों को भादर डेम को केमिकल युक्त पानी पेयजल के रूप में सप्लाई करने का हर कीमत पर विरोध किया जाएगा। बाद में सरकार ने उनकी बात मान ली।












Click it and Unblock the Notifications