जेल में बंद पेपर लीक के आरोपी शेर सिंह मीणा को प्रमोशन देने की गाज UPSC Topper पर गिरी
उदयपुर की जेल में बंद शेर सिंह मीणा का प्रमोशन होने पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक गौरव अग्रवाल को एपीओ किया है। दो असिस्टेंट डायरेक्टर और एक प्रिंसिपल को सस्पेंड किया गया है।

राजस्थान वरिष्ठ शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करवाने का मास्टरमाइंड अनिल उर्फ शेर सिंह मीणा उदयपुर में सलाखों के पीछे है। इसके बावजूद शेर सिंह मीणा को प्रमोट कर प्राचार्य बना दिया गया। इसकी गाज कई अफसरों पर गिरी है। इनमें से गौ अफसर तो यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा के टॉपर रह चुके हैं।
Recommended Video

शेर सिंह मीणा पदोन्नति केस में राजस्थान सरकार ने कड़ी कार्रवाई की है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक गौरव अग्रवाल को एपीओ कर दिया। वहीं, इसी मामले में शिक्षा सचिव नवीन जैन ने असिस्टेंट डायरेक्टर प्रीति जालोपिया व संदीप जैन और प्रिंसिपल हरीश परमार को निलंबित किया है।
दरअसल, 26 मई को राजस्थान माध्यमिक शिक्षा निदेशक गौरव अग्रवाल की ओर से डीपीसी के जरिए होने वाले प्रमोशन की सूची जारी की थी। इसमें 46 नंबर पर सिरोही के राजकीय महात्मा गांधी सरकारी स्कूल भावरी में वाइस प्रिंसिपल पद से बर्खास्त चल रहे अनिल कुमार मीणा उर्फ शेर सिंह मीणा को प्रिंसिपल पद पर पदोन्नति देकर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय धारासर बाड़मेर लगाया गया है।
मजेदार बात तो यह है कि शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करवाने के आरोप में एसओजी द्वारा ओडिशा से गिरफ्तार किए गए अनिल कुमार मीणा को डेढ़ माह पहले ही राजस्थान सरकार ने नौकरी से बर्खास्त किया था। इस वक्त वह उदयपुर जेल में बंद है। जबकि डीपीसी में उसका भी प्रमोशन कर दिया गया।
यूपीएससी 2013 टॉपर रहे गौरव अग्रवाल
मामला मीडिया में आने के बाद माध्यमिक शिक्षा निदेशक बीकानेर गौरव अग्रवाल ने न केवल अपना आदेश वापस ले लिया था बल्कि निदेशालय ने भी बर्खास्त वाइस प्रिंसिपल शेर सिंह का नाम लिस्ट से हटा दिया गया था। उल्लेखनीय है कि राजस्थान कैडर के आइर्एएस अधिकारी गौरव अग्रवाल यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2013 में नंबर वन रैंक हासिल करते हुए टॉप किया था। जयपुर के ही रहने वाले आईएएस गौरव अग्रवाल टोंक के जिला कलेक्टर भी रह चुके हैं।
कौन है शेर सिंह मीणा?
- राजस्थान में पिछले साल वरिष्ठ शिक्षा भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करवाने वाला शेर सिंह मीणा उर्फ अनिल मीणा मूलरूप से दोला का बास चौमूं का रहने वाला है।
- सिरोही जिले के भावरी स्वरूपगंज आबूरोड के सरकारी स्कूल में प्रधानाचार्य पद पर कार्यरत था।
- शेर सिंह मीणा ने भूपेंद्र सारण को एक करोड़ रुपए में राजस्थान शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर बेचा था।
- भूपेंद्र सारण की गिरफ्तारी के बाद शेर सिंह मीणा का नाम सामने आया था, मगर तब मीणा राजस्थान से फरार हो चुका था। पुलिस ने इस पर एक लाख का ईनाम रखा था।
- दो माह पहले ही राजस्थान एसओजी ने शेर सिंह मीणा को ओडिशा से अरेस्ट किया था। वहां पर यह सरकारी स्कूल की अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग निर्माण में मजदूर बनकर काम कर रहा था।












Click it and Unblock the Notifications