पाली के युवकों को सीकर में सड़क पर पड़े मिले दो लाख रुपए, ईमानदारी दिखाकर मालिक तक पहुंचाए
सीकर। राजस्थान के सीकर जिला मुख्यालय के कल्याण सर्किल के पास रास्ते में पड़े मिले दो रुपए लौटाकर दो युवकों ने ईमानदारी का परिचय दिया है।

दो लाख रुपए सड़क पर गिर गए
कल्याण सर्किल पुलिस चौकी इंचार्ज ने बताया कि पाली निवासी रवि तथा उसका साथी हितेश कल्याण सर्किल पर खड़ा था। इसी दौरान वहां से एक बाइक गुजरी। बाइक पर दो व्यक्ति सवार थे। उनके पास से दो लाख रुपए सड़क पर गिर गए। दोनों युवकों ने बाइक सवारों को आवाज भी दी, लेकिन वे वहां से निकल चुके थे।

सीकर कलेक्ट्रेट से सम्पर्क साधना चाहा
इस पर रवि और हितेश ने रुपए उठा लिए और फिर सीकर कलेक्ट्रेट से सम्पर्क साधना चाहा, लेकिन अवकाश के कारण सम्पर्क नहीं हो सका। उधर, बाइक सवार चरण सिंह नगर निवासी व्यक्ति को रुपए गिरने का पता लगने पर उसने पहले तो रास्ते में अपने स्तर पर ढूंढा और फिर सीकर कल्याण सर्किल पुलिस चौकी पहुंचकर पूरी बात बताई।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई
उसने पुलिस को बताया कि कल्याण सर्किल के आस-पास चलती मोटरसाइकिल से उसके दो लाख रुपए गिर गए। इस पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई। तभी वहां पर हितेश व रवि भी पहुंच गए। उन्होंने कल्याण सर्किल के पास दो लाख रुपए पड़े हुए मिलने की बात बताई। पुलिस ने रुपए संबंधित व्यक्ति को सौंप दिए।












Click it and Unblock the Notifications