बिजली बिल के बकाया 5 लाख वसूलने पहुंची टीम से बोली महिला-'मैं काली मां हूं, सबको अंधा कर दूंगी'
भरतपुर, 28 फरवरी। राजस्थान के भरतपुर जिले के बयाना के पास वैसोरा में रविवार को अजीब मामला सामने आया है। यहां पर बिजली बिलों की बकाया राशि वसूलने आई विद्युत निगम की टीम के सामने एक महिला हाथ जोड़कर खड़ी हो गई और बोलने लगी कि 'वह काली मां है। सबको अंधा कर देगे' यह देखकर निगम की टीम बिना बकाया वसूले ही भाग खड़ी हुई।
Recommended Video

5 लाख रुपए बकाया चल रहे
हुआ यूं कि गांव वैसोरा में 40 लोगों पर बिजली के बिलों के पेटे 5 लाख रुपए बकाया चल रहे हैं। डिस्कॉम के कर्मचारी रविवार सुबह गांव में इसकी वसूली के लिए पहुंचे तो किसानों ने आर्थिक तंगी का हवाला देकर मोहलत मांगी। निगम की टीम मोहलत देने को राजी नहीं हुई और विद्युत कनेक्शन काटने लगी। इस बीच मौके पर भीड़ जमा हो गई। भीड़ में से अचानक गुड्डी नाम की एक महिला सिर हिलाते हुई बीच में आई और जमीन पर बैठ गई।

सिर हिलाकर तरह-तरह के आसन करने लगी
सिर हिलाकर तरह-तरह के आसन करने लगी। बोली कि 'मैं काली मां का रूप हूं। बिजली कर्मचारी अगर कोई कार्रवाई करेंगे तो श्राप देकर सभी को अंधा कर दूंगी। इससे बिजली कर्मचारी सहम गए।' ग्रामीणों में से भी कुछ ने टीम से कहा कि गुड्डी में देवी आती है। आस-पास खड़ी महिलाएं और बच्चे गुड्डी के आगे हाथ जोड़ने लगे। पैर छूकर आशीर्वाद लेने लगे।

टीम में दशहत और बढ़ गई
इससे डिस्कॉम की टीम में दशहत और बढ़ गई। इसके बाद टीम ने न तो राजस्व वसूली की, न कनेक्शन काटे। चुपचाप वहां से लौट गई। गांव में बिजली के बिल जिन लोगों में बकाया है, उनमें गुड्डी का परिवार भी शामिल है। उसके परिवार पर एक साल के लगभग 40 हजार रुपए बकाया है।

10 दिन के भीतर बकाया राशि जमा करा देंगे
डिस्कॉम की टीम जैसे ही मौके से लौटी। महिला बिल्कुल ठीक यानी सामान्य हो गई। हालांकि पूर्व सरपंच इंद्रभान सिंह ने मौके पर पहुंचकर डिस्कॉम की टीम को विश्वास दिलाया कि ग्रामीण 10 दिन के भीतर बकाया राशि जमा करा देंगे। वहीं, बयाना एक्सईएन विवेक शर्मा ने कहा कि मौके पर किसी महिला में देवी आ गई है। कुछ लोगों ने कुल 44 हजार रुपए जमा करवाए गए हैं। पूर्व सरपंच के भरोसे पर दस दिन की छूट दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications