राजस्थान के बाड़मेर में शिक्षक के नाक-कान काटे, प्रेम प्रसंग के शक में सनसनीखेज वारदात
बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर में बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शिक्षक नूर मोहम्मद पर जानलेवा हमले की घटना हुई है। एकाएक हुए इस हमले से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है।

शिक्षक पर विवाहिता को भगाने के आरोप के बाद विवाहिता के परिजनों ने जानलेवा हमला करते हुए नाक और कान काट कर घायल कर दिया। आरोपी शिक्षक को गंभीर अवस्था में गुजरात रैफर किया गया है। फिलहाल उसका डीसा के हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
दरअसल राजस्थान के बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी उपखंड के आरजीटी थाना क्षेत्र के भटाला गांव के निवासी 48 वर्षीय शिक्षक नूर मोहम्मद पर गांव की विवाहिता को भगाने का कुछ समय पहले आरोप लगा था। इस बात से खफा विवाहिता के परिजनों ने शिक्षक नूर मोहम्मद पर हमला कर न सिर्फ नाक और कान काट लिए बल्कि मारपीट कर गंभीर घायल कर दिया।
स्कूली शिक्षक पर जानलेवा तब हुआ जब वह स्कूल से आ रहा था। इस दौरान कई लोगों ने धारदार हथियार से हमला किया। हालांकि बाड़मेर जिले के भटाला गांव की इस सनसनीखेज घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग कारण बताया जा रहा है। बाड़मेर के रागेश्वरी थाने में पुलिस ने तीन नामजद आरोपी अरबाब खान, अमरूदीन और कमरूदीन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाड़मेर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र आडा ने कहा कि शिक्षक नूर मोहम्मद पर जानलेवा हमले के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बुरी तरह से घायल शिक्षक का इलाज चल रहा है। उस पर कुछ समय पहले लड़की को भगा ले जाने का आरोप लगा था।












Click it and Unblock the Notifications