JHUNJHUNU : जोहड़ में मिला बेटा-बेटी व पिता का शव, तीनों की मौत पूरे गांव के लिए बन गई पहेली
झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले नवलगढ़ उपखण्ड के गांव बलवंतपुरा के डालाना जोहड़ में पिता, पुत्र व पुत्री के शव बरामद हुए हैं। तीनों के शव पानी में पड़े दिखाई दिए। शव 1-2 दिन पुराने होने की आशंका जताई जा रही है। गौरतलब है कि पिछले दिन क्षेत्र में अच्छी बारिश होने की वजह से कुएं, बावड़ी, जोहड़ व तालाबों का जल स्तर बढ़ गया था। इसलिए माना जा रहा है कि संभवतया जोहड़ का पानी कुछ कम होने पर ये शव नजर आए हैं।

मृतक निकटवर्ती बलरिया गांव में भोपा परिवार से थे। पुलिस ने तीनों शव को पानी से निकालकर नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस उप निरीक्षक अशोक चौधरी ने बताया कि चैलासी ग्राम में स्थित डालाना जोहड़ में तीन शव मिलने की सूचना मिली। सरपंच पति मुनेश सैनी व ग्रामीणों की मदद से तीनों शव को पानी से निकाला गया। पानी में पड़े होने की वजह से शव काफी फूल गए हैं। तीनों की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
डालाना जोहड़ में मिले तीनों शव की शिनाख्त हो चुकी है। इनमें से एक शव बलरिया निवासी मांगीलाल भोपा (35) का है। साथ ही अन्य दोनों उसके ही पुत्र व पुत्री हैं। शवों का पोस्टमार्टम करवाकर ही परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। तीनों की मौत के कारणों को लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications