सावंलिया सेठ मंदिर में गुमनाम भक्त चढ़ा गया चांदी की रिवाल्वर, भेंट में हथियार देख पुजारी भी आश्चर्यचकित
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के मण्डफिया में सांवलिया सेठ के भक्त भी निराले हैं। मंदिर में अनूठे अंदाज में भेंट चढ़ाते हैं। अब एक गुमनाम भक्त चांदी से बनी रिवॉल्वर ही चढ़ा गया और साथ में एक गोली व दो लहसुन भी। सांवलिया सेठ मंदिर में किसी भक्त द्वारा हथियार चढ़ाने का यह पहला मामला है।
सांवलिया सेठ मंदिर में रिवॉल्वर किस भक्त ने चढ़ाई? यह पता नहीं चल पाया है। इस अनोखी भेंट से मंदिर पुजारी भी आश्चर्यचकित हैं। मीडिया से बातचीत में एक पुजारी कहते हैं कि सांवलिया सेठ के दरबार में पेट्रोल पंप, हथकड़ी, ट्रैक्टर आदि की भेंट तो पहले देख चुके हैं, मगर रिवॉल्वर किसी ने पहली बार चढ़ाई है।

सांवलिया सेठ के दरबार में चढ़ाई गई चांदी की रिवॉल्वर का शानदार नक्काशी की हुई है। इसका वजन करीब 300 ग्राम और चांदी की बनी गोली का वजन 190 ग्राम है। साथ में चांदी के दो लहसुन भी होने के कारण माना जा रहा है कि यह भेंट किसी कारोबारी की हो सकती है।
लहसुन देखकर लोग अनुमान लगा रहे हैं कि पिछले साल लहसुन के भाव में जबरदस्त उछाल आया था। किसी कारोबारी भक्त को अच्छा-खासा मुनाफा हुआ होगा। इसलिए वह चांदी के लहसुन चढ़ा गया, मगर रिवाल्वर व गोली चढ़ाने की प्रेरणा या उद्देश्य स्पष्ट नहीं अभी भी समझ से बाहर है।
दरअसल, सावंलिया सेठ मंदिर का भंडार खोला गया है। दानपात्र में चढ़ाए रुपयों की गिनती शुरू की गई है। पहले दिन की गिनती में 7 करोड़ 15 लाख रुपए मिले हैं। पिछले महीने कुल चढ़ावा 29.22 करोड़ रुपए के आया था। नकदी के अलावा 142 किलोग्राम चांदी और एक किलो सोना समेत करीब 15 देशों की मुद्रा भी चढ़ावे में मिली थी।
सांवलिया सेठ मंदिर का इतिहास
राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर गांव मण्डफिया में कृष्ण मंदिर है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के एक रूप "सांवलिया सेठ" के रूप में पूजा जाता है। किदवंती है कि गांव भगत खेड़ी में यादव किसान को खेत जुताई करते समय तीन मूर्तियां मिली थीं, जिन्हें मंडफिया (मुख्य मंदिर सांवलिया सेठ), भगत खेड़ी व चड़चड़ी में स्थापित किया था।
मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ता है। कारोबारी भक्त तो सांवलिया सेठ को अपने व्यापार का हिस्सेदार तक बनाते हैं। रथ यात्रा, जन्माष्टमी और एकादशी पर यहां विशेष आयोजन होते हैं। सावंलिया सेठ मंदिर में पहुंचने के लिए निकटतम रेलवे स्टेशन चित्तौड़गढ़ है। 100 किलोमीर दूर उदयपुर में एयरपोर्ट है। सड़क मार्ग से भी आसानी से पहुंचा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications