Rain in Rajasthan: पाली के मुठाना में रिकॉर्ड 530 MM बारिश, CM ने हेलीकॉप्टर से लिया जायजा
Heavy Rain in Rajasthan due to cyclonic storm Biparjoy: अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान बिपरजॉय ने गुजरात के बाद राजस्थान में भी जबरदस्त तबाही मचाई है। गुजरात से लगते राजस्थान के जिलों में अत्यधिक बारिश हुई है, जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।
राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बरसात से प्रभावित इलाकों में हवाई सर्वे किया। चक्रवात प्रभावित जिलों के दौरे के चलते सीएम गहलोत ने अपने पूर्व निर्धारित बूंदी, कोटा, झालावाड़ और दौसा जिले के कार्यक्रम स्थगित कर दिए। सीएम को इन जिलों में महंगाई राहत शिविरों का जायजा लेने जाना था।

बता दें कि चक्रवाती तूफान के असर से 24 घंटों में राजस्थान में सबसे ज्यादा बारिश पाली जिले के मुठाना में हुई। यहां पर 530 एमएम यानी 21.2 इंच पानी बरसा है। पाली, सिरोही, राजसमंद व बाड़मेर जिलों में कई जगहों पर अभी भी हालात खराब हैं।
कहां कितनी बारिश हुई?
21.2 इंच मुठाना पाली
14 इंच शिवगंज सिरोही
12.6 इंच नगर फोर्ट टोंक
15.4 इंच गढबोर राजसमंद
6 इंच पुष्कर अजमेर
अजमेर टूटा 116 साल का रिकॉर्ड
चक्रवाती तूफान की वजह से हुई बारिश ने अजमेर में बीते 116 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अजमेर में दो दिन में 258 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। 48 घंटे के दौरान साल 1917 119.3 बारिश हुई थी। अब साल 18 व 19 जून 2023 को यह रिकॉर्ड टूट गया।
अजमेर के अस्पताल में घुसा पानी
भारी बारिश से अजमेर शहर में बाढ़ जैसे हालात हो गए थे। शहर में आनासागर झील ओवरफ्लो हो गई। उसका पानी सड़क पर आ गया। अजमेर के जवाहर लाल नेहरु अस्पताल में भी पानी घुस गया। वहीं, वैशाली, सागर विहार समेत कई कॉलोनियां जलमग्न हो गईं।
राजस्थान 56 बांधों में पानी आया
- चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के असर की वजह से हुई बारिश के बाद राजस्थान के बांधों में पानी की अच्छी आवक हुई है। सबसे ज्याा बांध पाली और सिरोही जिले में ओवरफ्लो हुए हैं।
- प्रदेश के 56 बांध इन दिनों लबालब हो गए। बीते तीन दिन में हुई बारिश से राजस्थान के बांधों में 660.58 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी आया है। बीसलपुर बांध का 66 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा पानी से भर गया।
- उल्लेखनीय है कि पूरे राजस्थान में छोटे बड़े 690 बांध हैं। पिछले मानसून में इन बांधों में 10579.91 एमक्यूएम पानी आया था। अभी चार दिन की बारिश से इनमें अब तक 6.27 प्रतिशत पानी की आवक हुई है।
SDRF की 17 व NDRF की 8 टीमें लगी बचाव में
सीएम अशोक गहलोत ने प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे करके अपने ट्विटर हैंडल से वीडियो शेयर किया और लिखा कि अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान बिपरजॉय से प्रदेश में हुई क्षति का जायजा लेने के लिए हवाई सर्वेक्षण पर हूँ।राहत व बचाव कार्य में SDRF की 17 व NDRF की 8 टीमें लगी हुई हैं। क्षति का सर्वेक्षण पूर्ण होने के बाद प्रभावितों को मुआवजा प्रदान किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications