Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में मौसम का नया अपडेट, अगले 2 दिन ओले तो कहीं भारी बारिश अलर्ट
Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में इस हफ्ते मौसम के तेवर कुछ बदले-बदले नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 15 मई तक राज्य के कई हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बनी रहेगी। खासकर बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में मंगलवार को तेज हवाओं (40-50 किमी प्रतिघंटा) के साथ मेघगर्जना और बारिश की संभावना जताई गई है।

21 जिलों में बरसात का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज मंगलवार को राजस्थान के 21 जिलों में बरसात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इनमें अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सिरोही, टोंक और उदयपुर शामिल हैं। इन जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।
15 मई से बदलेगा मौसम, गर्म हवाओं की वापसी संभव
राज्य में 15 मई के बाद मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। खासकर पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर, जयपुर और भरतपुर संभाग में 14 मई तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, लेकिन इसके बाद तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में तापमान 44-45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। साथ ही हीटवेव का नया दौर भी शुरू हो सकता है।
बीकानेर सबसे गर्म, सीकर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में बीकानेर राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी बीकानेर में ही 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी ओर, सीकर में 37 मिमी बारिश के साथ राज्य में सबसे ज्यादा बरसात रिकॉर्ड की गई। सीकर में धूलभरी आंधी भी चली।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में हवा में आर्द्रता 24 से 88 प्रतिशत के बीच रही। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले दो दिन आंधी-बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं, लेकिन इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी और हीटवेव का खतरा बढ़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications