Rajasthan Weather: ओले और बारिश को लेकर IMD का अलर्ट, लहसुन और गेहूं की फसल तबाह
Rajasthan Weather: राजस्थान के हाड़ौती संभाग में शनिवार को मौसम ने ऐसा कहर बरपाया कि किसानों की महीनों की मेहनत पलभर में बर्बाद हो गई। Kota, Bundi और Baran जिलों में बेमौसम बारिश और भारी ओलावृष्टि ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कई इलाकों में नींबू के आकार के ओले गिरने से खेतों में खड़ी गेहूं, लहसुन और चने की फसलें पूरी तरह चौपट हो गईं।
सबसे ज्यादा तबाही बूंदी जिले के लाखेरी और इंदरगढ़ क्षेत्रों में देखने को मिली, जहां अचानक बदले मौसम ने लोगों को संभलने का मौका तक नहीं दिया। कुछ ही देर में आसमान से गिरे बड़े-बड़े ओलों ने पूरे इलाके को सफेद चादर में ढक दिया। यहां तक कि रामगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगल भी ओलों से पट गए, जिससे दृश्य किसी बर्फबारी जैसा नजर आया।

Rajasthan Weather: आंधी और ओलावृष्टि से शहर हुए सुनसान
- कोटा जिले के सांगोद, देवली, इटावा और लाडपुरा के मंडाना क्षेत्र में भी तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का असर देखने को मिला।
- सड़कों पर सन्नाटा छा गया और कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं बारां जिले में दिनभर बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश का दौर जारी रहा।
- बेमौसम बरसात और ओले गिरने से आम लोगों के जनजीवन की रफ्तार भी थम सी गई। शहरों पर सन्नाटा छा गया और शनिवार को अलग-अलग हिस्सों में हल्का जल जमाव भी देखने को मिला।
Weather Update: किसानों को भारी नुकसान की आशंका
इस प्राकृतिक आपदा का सबसे बड़ा असर किसानों पर पड़ा है। हाड़ौती क्षेत्र, जो लहसुन, गेहूं और चने की अच्छी पैदावार के लिए जाना जाता है, वहां फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। किसानों के अनुसार, गेहूं की कटाई और लहसुन की खुदाई का समय चल रहा था, लेकिन ओलों और बारिश ने दानों को काला कर दिया और फसल की गुणवत्ता खराब कर दी। पहले अतिवृष्टि और अब ओलावृष्टि ने किसानों की आर्थिक स्थिति को गहरा झटका दिया है। अब प्रभावित किसान सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
IMD Alert: मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department) के जयपुर केंद्र के अनुसार, राज्य के ऊपर सक्रिय परिसंचरण तंत्र के चलते मौसम में यह बदलाव आया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि 7 अप्रैल को एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर पूरे राजस्थान में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक 6 अप्रैल को जोधपुर और बीकानेर संभाग में असर दिखेगा, जबकि 7 अप्रैल को जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और अन्य क्षेत्रों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। 8 अप्रैल से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा।
मौसम विभाग ने किसानों और व्यापारियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि मंडियों में खुले में रखे अनाज और खेतों में कटी फसलों को तिरपाल से ढककर सुरक्षित स्थान पर रखें। नुकसान को कम करने के लिए किसानों से सभी जरूरी सतर्कता बरतने की अपील की गई है।












Click it and Unblock the Notifications