Rajasthan Weather Alert: 18 जिलों में घना कोहरा, शीतलहर के साथ अब पाला भी बरपाएगा कहर
Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में आम लोगों को कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से शनिवार (10 जनवरी 2026) को भी राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों में कोल्ड डे और शीतलहर की स्थिति को लेकर अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर पूरे मैदानी इलाकों पर नजर आ रहा है। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने राजस्थान में ठंड का प्रकोप बढ़ा दिया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के 15 से 18 जिलों में घने से अत्यंत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। खास तौर पर बीकानेर संभाग, पश्चिमी राजस्थान, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर और कोटा के इलाकों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है।

Rajasthan Weather Alert: शीतलहर के साथ पाला गिरने की आशंका
- राजस्थान में पड़ रही कड़ाके की ठंड और जीरो विजिबिलिटी का सीधा असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ सकता है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
- तापमान की बात करें तो अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। कई स्थानों पर पारा सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर सकता है।
- सीकर, झुंझुनू और चूरू जैसे उत्तरी राजस्थान के जिलों में शीतलहर के साथ पाला गिरने की भी आशंका जताई गई है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान हो सकता है।
Rajasthan Weather: शेखावटी में हल्की बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के वैज्ञानिक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से पिछले 24 घंटों में शेखावाटी और जयपुर के उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। वहीं, अलवर जिले के सोडावास और आसपास के गांवों में सुबह के समय ओलावृष्टि भी हुई। हालांकि, आगामी दिनों में राज्य के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और बारिश की कोई बड़ी चेतावनी नहीं है। शनिवार को शेखावटी में हल्की बूंदा-बांदी हो सकती है।
Jaipur Weather: जयपुर में सीजन का सबसे ठंडा दिन
राजधानी जयपुर में सर्दी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। शुक्रवार की रात यहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात रही। दिन के समय भी ठंड बनी रही और अधिकतम तापमान 19 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान में मौजूदा ठंड का यह दौर अगले 4 से 5 दिनों तक जारी रह सकता है। लोगों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications