Rajasthan Accident: 3 घरों में 6 लोगों की मौत, एक साथ अर्थियां उठीं तो मचा कोहराम
Rajasthan Accident: राजस्थान के सिरोही जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक कार और कोयले से भरे तेज रफ्तार ट्रॉले के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना में कार में सवार तीन परिवारों के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना आबूरोड के किवरली के पास तड़के 3 बजे हुई। जालोर के लोग कार में सवार होकर अहमदाबाद से लौट रहे थे। उनकी कार तेज रफ्तार ट्रॉले से टकरा गई, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। कार में सवार सात लोगों में से केवल एक महिला बची है, जो घायल है।

सिरोही एक्सीडेंट में मृतकों की सूची
नारायण लाल प्रजापत (58)
पोशी देवी (55)
दुष्यंत (24)
कालूराम प्रजापत (40)
यशराज (4)
जयदीप (4)
इन सभी की मौत हो गई। जबकि दरिया देवी घायल हैं और उनका इलाज उदयपुर जिला अस्पताल में चल रहा है।
बता दें कि नारायण लाल प्रजापत की पत्नी पोशी देवी और बेटा दुष्यंत हाल ही में अहमदाबाद गए थे, जहां से दवा लेने के साथ बड़े बेटे पिंटू की सगाई के संबंध में रिश्तेदारों से मिलने का भी कार्यक्रम था। लौटते समय अहमदाबाद बस स्टैंड पर उनकी मुलाकात परिचित दरिया देवी और उनके बेटे जयदीप से हुई, जो जालोर की बस का इंतजार कर रहे थे। इन्हें साथ लेकर वे कार से लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दुर्घटना घटित हो गई।
एक साथ छह लोगों की मौत से तीनों परिवारों में कोहराम मच गया है। जालोर के कुम्हारों का बास इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव से तीन घरों से अर्थियां एक साथ निकलीं। करीब 5 बजे अंतिम संस्कार किया गया। आबूरोड एसडीएम शंकरलाल मीणा ने बताया कि हादसे के बाद ट्रॉला चालक फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जयपुर से महाकुंभ जा रही कार का बस से हुआ भयंकर एक्सीडेंट, 8 लोगों की हुई मौत












Click it and Unblock the Notifications