राजस्थान के राजस्व मंत्री ने बाड़मेर में चीन की तर्ज पर रातों-रात बना दिया कोविड अस्पताल, VIDEO
बाड़मेर, 10 मई। दुनिया में कोरोना वायरस ने दस्तक दी तब चीन से एक तस्वीर तेजी से वायरल हुई थी, जिसमें चीन ने रातों-रात कोरोना संक्रमितों के लिए 1000 बेड का अस्पताल बनाया था। चीन की तर्ज पर राजस्थान के सरहदी जिले बाड़मेर के पचपदरा के सांभरा में भी आमजन को कोविड-19 से बचाने के लिए अस्पताल बनाया है।
Recommended Video

बाड़मेर के अस्पतालों में बेड फुल
राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में राजसव मंत्री हरीश चौधरी व भामाशाहों की मदद से महजत 24 घंटे कोविड अस्पताल बनाया गया है। बाड़मेर जिला अस्पताल और बालोतरा उपखंड के नाहटा अस्पताल में बेड फुल जाने के कारण भामाशाहों व राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने पचपदरा के सांभरा में 24 घण्टे में कोविड-19 अस्थाई अस्पताल बना डाला है।

मजदूर के हाथों करवाया उद्घाटन
शनिवार को राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने एक मजदूर के हाथों इसका उद्घाटन करवाया है। जिस जगह पर कल तक बबूल के कंटीले पेड़ों का साम्राज्य था। आज उस जगह पर कोविड के मरीजों को नया जीवन देने वाला कोविड अस्पताल बना नजर आया।

बाड़मेर-जोधपुर पर रातों-रात बना अस्पताल
राजस्व मंत्री ने 24 घण्टे से यहां खड़े रहकर इस हॉस्पिटल का निर्माण करवाया है, लेकिन वे इसका श्रेय भामाशाहों और आम जनता को देते नजर आ रहे हैं। राजस्व मंंत्री हरीश चौधरी बताते हैं कि बाड़मेर-जोधपुर हाइवे पर बनाए गए कोविड अस्प्ताल के लिए स्थानीय जन प्रतिनिधियों, भामाशाहों के साथ साथ इंटरनेशनल बंकर निर्माता किरी ग्रुप के ललित किरी ने निशुल्क बंकर मुहैया करवाए हैं।

ग्रामीणों ने भी की मदद
बता दें कि गांव सांभरा में स्थापित किए गए इस अस्थाई अस्पताल में लोगों ने भी दिल खोलकर मदद की है। अब इस जगह चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों के साथ-साथ स्वास्थ्यकर्मियों को तैनात किया गया है। यहां अब कोविड-19 संक्रमितों का इलाज शुरू कर दिया है। मरीजों को संपूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल टीम कार्यरत रहेगी।

ये डॉक्टर देंगे सेवाएं
सांभरा के इस अनूठे अस्पताल में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बाड़मेर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीएल विश्नोई ने डॉ. हितेंद्र सिंह, डॉ. मुकेश राजपुरोहित के निर्देशन में चिकित्सा कर्मियों को तैनात किया है। ये 24 घंटे सेवाएं देंगे।

अपने आप में यह रिकॉर्ड
किसी जनप्रतिनिधि द्वारा महज 24 घण्टे में कोविड अस्पताल का निर्माण अपने आप मे किसी रिकॉर्ड से कम नहीं है। आज आपदा के हालातों में इसी तरह के प्रयास जनता की जान बचाने में महती भूमिका अदा करेगा। इस दौरान बाड़मेर जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी, जिला परिषद सदस्य खेराज राम हुड्डा, उपखंड अधिकारी नरेश सोनी, विवेक व्यास, सांभरा सरपंच लीला देवी हुड्डा सहित विभिन्न गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

ललित किरी ने दिए बंक हाउस
भामाशाह और बंकर निर्माता किरी ग्रुप के ललित किरी का कहना है कि हमारे पास 100 बेड हैं। पहले 10 ऑक्सीजन बेड थे। अब 16 हो गए हैं। 9 दिन में जिनको बालोतरा बाड़मेर में जगह नहीं मिल रही थी वो यहाँ आ रहे है। बंकर से बने इस अस्थायी अस्पताल में एयर कंडीशनिंग की सुविधा है। डॉक्टर्स के लिए भी रहने की व्यवस्था है। एक बंक हाउस है। उसमें सब सुविधा है।












Click it and Unblock the Notifications