Petrol Pump Strike Rajasthan: 13 व 14 को बंद रहेंगे पेट्रोल पंप, टैक्स नहीं घटा तो 15 से अनिश्चिकालीन हड़ताल
Rajasthan petroleum dealers announce strike: राजस्थान में 13 व 14 सितंबर 2023 को सुबह से लेकर शाम तक पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। राजस्थान के पेट्रोलियम डीलरों ने हड़ताल की घोषणा की है।
Petrol Pumps Strike in Rajasthan: करों में कटौती की मांग को लेकर राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन आंदोलन की राह पर हैं। इसी कड़ी में 13 व 14 सितम्बर को सुबह 10 से शाम छह बजे तक पेट्रोल पंपों पर सांकेतिक हड़ताल रखने का ऐलान किया है।
इसके बावजूद अगर सरकार ने राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स की मांग पर वेट कम नहीं किया तो प्रदेश के सभी 7 हजार पेट्रोल पंप संचालक 15 सितम्बर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

श्रीगंगानगर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने वन इंडिया हिंदी से बातचीत में बताया कि राजस्थान के डीलर्स से पंजाब जितना कर लिया जाए। पंजाब और राजस्थान में पेट्रोल के भावों में करीब 15 रुपए व डीजल में 10 रुपए का अंतर है।
गुप्ता के अनुसार पंजाब में इस समय पेट्रोल की प्रति लीटर रेट 98.22 व डीजल प्रति लीटर रेट 89.12 रुपए है। पंजाब में पेट्रोल पर वेट 20 प्रतिशत और डीजल पर 12 प्रतिशत वेट है जबकि राजस्थान में पेट्रोल पर 31 प्रशिशत व डीजल पर 19 प्रतिशत वेट वसूल किया जा रहा है, जिससे हमारे यहां कीमतें अधिक हैं।
गुप्ता कहते हैं कि राजस्थान में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है, क्योंकि केंद्र सरकार पेट्रोलियम पदार्थों के टैक्स को जीएसटी के दायरे में लाना चाहती है ताकि पूरे देश में पेट्रोल-डीजल के भाव एक समान हो जबकि कांग्रेस शासित सरकार को जीएसटी मंजूर नहीं।
यह भी पढ़ें- श्रीगंगानगर में सबसे महंगा पेट्रोल क्यों?
भारत में पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। राजस्थान में सबसे महंगा पेट्रोल श्रीगंगानगर में बेचा जा रहा है। यहां पर एक लीटर पेट्रोल की कीमत 113.68 रुपए पहुंच चुकी है। डीजल 98.43 रुपए प्रति लीटर बेचा जा रहा है। श्रीगंगानगर में पेट्रोल सबसे महंगा है जबकि पोर्ट ब्लेयर में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत सबसे कम है। यहां पर प्रति लीटर पेट्रोल 84.10 रुपए व डीजल 79.74 रुपए है।
बता दें कि भारत के 16 राज्यों में प्रति लीटर पेट्रोल की कीमत 100 रुपए से ऊपर है। राजस्थान, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, तेलंगाना, पंजाब, झारखंड, सिक्किम, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश शामिल हैं। इसी तरह, ओडिशा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी डीजल की कीमतें 100 रुपये प्रति लीटर से ऊपर हैं।












Click it and Unblock the Notifications