Rajasthan News: एक ही दिन में 12 मोर की मौत से हड़कंप, सन्नाटे में पूरा इलाका, सदमे में ग्रामीण
Rajasthan News Death Of 12 Peacocks: राजस्थान के डीडवाना इलाके में एक ही दिन में 12 मोरों की मौत से हड़कंप मच गया है। इस घटना की जानकारी पुलिस और स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। ग्रामीणों के लिए एक साथ इतने पक्षियों की मौत किसी सदमे की तरह है। पक्षियों में किसी संक्रमण या बीमारी फैलने की आशंका है। राष्ट्रीय पक्षी को मारने की साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, सुबह दौलतपुरा गांव के लोगों ने एक ही स्थान पर 12 मोर मृत अवस्था में पड़े देखा। सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हुआ और रेंजर ममता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। सभी 12 मोरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Rajasthan News Death Of 12 Peacocks: मौत की कराई जाएगी जांच
फिलहाल मोरों की मौत के पीछे का कारण साफ नहीं हो पाया है। इस घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। एक ही सुबह 12 मोर की मौत ने लोगों के साथ प्रशासन को भी सकते में डाल दिया है। जांच टीम तीन एंगल से जांच कर रही है:
- क्या किसी संक्रामक बीमारी या बर्ड फ्लू जैसी गंभीर समस्या ने मोरों की जान ली?
- हो सकता है कि किसी शिकारी गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया है?
- साजिश के तहत भी मोरों की हत्या की गई हो । उनकी त्वचा और पंखों की तस्करी कराने वाला कोई गैंग सक्रिय हो?
Rajasthan News: पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी। एहतियातन आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। सैंपल के लिए खेतों की मिट्टी और कुछ दूसरी चीजें वन विभाग की टीम लेकर गई है। पक्षियों की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है। जांच के बाद ही असली कारण सामने आ सकेंगे।
राष्ट्रीय पक्षी के संरक्षण के लिए हैं सख्त कानून
मोर भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-1 में शामिल है। इसके तहत इनका संरक्षण किया जाता है और शिकार पर प्रतिबंध है। अगर यह मामला साजिश या जहर देकर मारने का साबित होता है, तो दोषियों को 7 साल तक की जेल हो सकती है। इसके अलावा, भारी जुर्माने का भी प्रावधान है। पुलिस और वन विभाग की टीमें अब इस रहस्यमयी घटना से जुड़े हर सुराग को खंगालने में जुटी हैं।












Click it and Unblock the Notifications