Rajasthan Voting: वोट देकर 10 हजार रुपए जीतने का मौका, जानिए क्या है सेल्फी कॉन्टेस्ट?
Rajasthan LS Election Voting: लोकसभा चुनाव 2024 में राजस्थान के कई मतदाताओं के पास तीन से दस हजार रुपए जीतने का मौका है। इनके लिए सेल्फी कॉन्टेस्ट शुरू किया है।
राजस्थान में लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण में 12 सीटों श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझूनूं, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर लोकसभा सीट पर मतदान हो रहा है।

ज्यादा से ज्यादा मतदान करवाने के लिए चुनाव आयोग ने एक प्रतियोगिता भी रखी है, जिसमें मतदाताओं को दस हजार का ईनाम जीतने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता का नाम सेल्फी कॉन्टेस्ट है।
जयपुर जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सेल्फी कॉन्टेस्ट के रूप में अनूठा नवाचार किया है। इस कॉन्टेस्ट में मतदान के बाद सेल्फी प्वाइंट पर जाकर सेल्फी लेनी होगी। सेल्फी को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करके लोकसभा क्षेत्र जयपुर अथवा जयपुर ग्रामीण के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी के फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम सोशल मीडिया हैंडल (@deojaipur) पर टैग करना होगा
जयपुर जिला स्वीप नोडल अधिकारी डॉ. शिल्पा सिंह कहती हैं कि 19 अप्रैल को अधिक से अधिक वोट डलवाने के लिए सेल्फी कॉन्टेस्ट शुरू किया गया है। विजेता का फैसला उस सेल्फी पर आए लाइक से होगा। सेल्फी पर लाइक की गणना 19 अप्रैल को रात 8:00 बजे की जाएगी। सोशल मीडिया पर ही विजेता के नाम का एलान किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सेल्फी कॉन्टेस्ट में सर्वाधिक लाइक प्राप्त करने वाली सेल्फी वाले को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार के रूप में 10 हजार, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 5 हजार एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में 3 हजार रुपए मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications