Live Rajasthan Lok Sabha Chunav: इस गांव में 24 साल बाद जला बल्ब, आज वोट देंगे 600 मतदाता
Rajasthan Lok Sabha Election Live: लोकसभा चुनाव 2024 में राजस्थान की 13 सीटों पर दूसरे चरण का मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो चुका है। कोटा के मंदिरगढ़ के 600 मतदाता भी वोट डालने को राजी हो गए हैं।
ये 600 वो मतदाता हैं, जो अपने गांव मंदिरगढ़ में 24 साल से बिजली नहीं आने पर विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार किए हुए थे। अब लोकसभा चुनाव 2024 में बिजली आने पर ये लोग मतदान को राजी हुए हैं।

जानकारी के अनुसार कोटा-बूंदी लोकसभा सीट के रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के मंदिरगढ़ गांव में 24 साल बाद एक बार फिर से बिजली के बल्ब जले हैं। पूर्व में यहां साल 1995 से 2000 के बीच नवीन शर्मा कंटू ने प्रयास कर यहां बिजली की सुविधा उपलब्ध करवाई थी।
600 वोटरों वाले मंदिरगढ़ में पांच साल तक विद्युत आपूर्ति ठीक रही, मगर बिजली का बिल बकाया हो जाने के कारण निगम ने कनेक्शन काट दिया। तब से गांव अंधेरे में था। चिमनी-लालटेन के भरोसे था। गांव की कुल आबादी एक हजार है।
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2024 में मंदिरगढ़ के लोगों ने वोट नहीं डाले। मूलभूत सुविधाओं की मांग रखी। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेश पर अधिकारी मंदिरगढ़ पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश भी की, मगर ग्रामीण नहीं माने। मतदान दल शाम तक इंतजार करके बैरंग लौट गया।
अब लोकसभा चुनाव 2024 में कोटा जिला प्रशासन ने 23 अप्रैल को ही मंदिरगढ़ में बिजली की सुविधा मुहैया करवा दी। यहां के मतदान केंद्र व तीन अन्य मकानों पर बिजली के मीटर भी लगा दिए। अब ग्रामीण वोट देने को तैयार हुए हैं और वे भी फाइल लगाकर कनेक्शन लेने की पहल करेंगे।
उल्लेखानीय है कि दूसरे चरण में टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालोर, उदयपुर, बासंवाड़ा, चितौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications