Honor Killing: बहन की लव मैरिज से नाराज भाई ने जीजा के शरीर में उतारीं 4 गोलियां, तलवार से काटा हाथ
Honor Killing Jhunjhunu Rajasthan: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। अपनी बहन के प्रेम विवाह से नाराज भाई ने बहनोई के सीने-चेहरे पर चार गोलियां दाग दीं। तलवार से उसका हाथ काट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक राजर्षि वर्मा के अनुसार जिले के गांव कुशलपुरा निवासी 21 वर्षीय मोनिका ने घर से भागकर 15 जनवरी 2024 को अंकित के साथ गाजियाबाद आर्य समाज में प्रेम विवाह रचाया। बहन की लव मैरिज से उसका भाई रिंकू बेहद नाराज था।

वह आए दिन मोनिका व अंकित को जान से मारने की धमकी दिया करता था। भाई से 20 दिन पहले धमकी मिलने के बाद मोनिका ने पुलिस में शिकायत की और सुरक्षा की मांग की थी।
मंगलवार रात को रिंकू अपने 8-10 साथियों के साथ बहन मोनिका के घर पहुंचा था। घर में घुसते ही उसने बहनोई अंकित के सीने और चेहरे पर चार गोलियां दाग दी। फिर उसने तलवार से अंकित का दाहिना हाथ काट डाला, जिससे अंकित की मौके पर ही मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान विधानसभा में ऑनर किलिंग बिल 2019 पास हो चुका है। यूं तो ऑनर किलिंग के मामले हरियाणा में अधिक आते हैं, मगर हरियाणा से लगते राज्य राजस्थान देश का वो पहला राज्य बन गया, जिसने ऑनर किलिंग बिल 2019 पास किया है।
पांच साल पहले राजस्थान ऑनर किलिंग 2019 बिल पारित हुआ तब राजस्थान पुलिस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया था कि 'प्यार करने वालों को नुकसान पहुंचाने पर आजीवन कारावास हो सकता है।'
ऑनर किलिंग किसे कहते हैं?
ऑनर किलिंग मतलब परिवार के किसी सदस्य विशेष रूप से महिला सदस्य की उसके सगे-संबंधियों द्वारा की जाने वाली हत्या को ऑनर किलिंग कहा जाता है। ये हत्याएँ प्रायः परिवार और समाज की प्रतिष्ठा के नाम पर की जाती हैं। इंटरकास्ट मैरिज के मामले में ये हत्याएं ज्यादा देखी गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications