Rajasthan Weather: 46 डिग्री पारे के साथ बाड़मेर देश में सबसे गर्म, टूटने वाला है इतने साल का रिकॉर्ड
Rajasthan highest temperature in summer 2024: राजस्थान में गर्मी के तेवर तीखे हो गए हैं। आमजन ही नहीं बल्कि पशु-पक्षी भीषण गर्मी से हलकान हैं। बुधवार को 46 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ बाड़मेर देश में सबसे गर्म स्थान रहा है।
राजस्थान में सिर्फ बाड़मेर ही नहीं तप रहा बल्कि जैसलमेर, जोधपुर, बारां, श्रीगंगानगर व जालौर में भी पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। प्रदेश के आधा दर्जन से ज्यादा जिलों में लू चल रही है। जोधपुर में सड़कों पर कृत्रिम बारिश करवाकर पानी का छिड़काव किया गया है।

मौसम विभाग केंद्र जयपुर के अनुसार साल 2024 की गर्मी पिछले आठ साल का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। 19 मई 2016 को चूरू में अब तक का सबसे ज्यादा 50.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। इससे पहले राजस्थान में 1998 में अधिकतम तापमान रहा था।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दो दिन तक जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर व कोटा में हीटवेव का असर रहेगा। 11 से 13 मई तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण प्रदेश में तापमान से राहत मिल सकती है। कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।
राजस्थान में स्कूलों का टाइम बदला
सिरोही में आठवीं तक के स्कूलों का 16 मई तक अवकाश कर दिया गया।
भरतपुर-टोंक में 11 मई व धौलपुर में 09 और बाड़मेर-जैसलमेर में 9 व 10 मई को अवकाश।
चूरू व शाहपुरा में आठवीं तक के स्कूलों का समय सुबह साढ़े 7 बजे से साढ़े 10 बजे तक किया गया है।
झुंझुनूं, कोटा, प्रतापगढ़, दौसा में समय सुबह साढ़े 7 बजे से 11 बजे तक किया है।
गुरुवार को जयपुर में शिक्षा विभाग की अहम बैठक होगी, जिसमें स्कूलों के लिए निर्णय लिया जाएगा।
अलवर में बूंदाबांदी से राहत
प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच अलवर से राहत भरी खबर है। यहां पर 4 एमएम बारिश हुई है, जिसमें अधिकतम तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बारिश होने के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली।











Click it and Unblock the Notifications