Rajasthan election: आरएलपी ने जारी की 10 उम्मीदवारों की सूची, हनुमान बेनीवाल इस सीट से लड़ेंगे चुनाव
RLP candidates list: 25 नवंबर को होने जा रहे राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में जारी गहमागहमी के बीच हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने भी उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है।
शनिवार को आरएलपी की तरफ से जारी पहली सूची में 10 उम्मीदवारों के नाम हैं। गौर करने वाली बात ये है कि पार्टी सुप्रीमो और मौजूदा सांसद हनुमान बेनीवाल का नाम भी इस सूची में शामिल है। हनुमान बेनीवाल राजस्थान की खींवसर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

आपको बता दें कि हनुमान बेनीवाल इस समय राजस्थान की नागौर सीट से लोकसभा के सांसद हैं। बेनीवाल ने 29 अक्टूबर 2018 को जयपुर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का गठन किया था। शनिवार को अपने ऑफिशियल एक्स (ट्विटर) हैंडल पर पार्टी उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए हनुमान बेनीवाल ने लिखा, 'राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की चुनाव समिति ने राजस्थान में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव -2023 के लिए निम्नलिखित उम्मीदवारों के नामों पर अपनी सहमति प्रदान की है। मैं सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं।'
किस उम्मीदवार को कहां से मिला टिकट
विधानसभा सीट ---------- उम्मीदवार
- खींवसर ---------- हनुमान बेनीवाल
- भोपालगढ़ ---------- पुखराज गर्ग
- मेड़ता ---------- इंदिरा देवी बावरी
- परबतसर ---------- लच्छाराम बडारड़ा
- कोलायत ---------- रेवतराम पंवार
- सहाड़ा ---------- बद्रीलाल जाट
- बायतू ---------- उम्मेदाराम बेनीवाल
- सरदारशहर ---------- लालचंद मूंड
- सांगानेर ---------- महेश सैनी
- जोधपुर (शहर) ---------- डॉक्टर अजय त्रिवेदी
चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी के साथ आरएलपी का गठबंधन
आपको बता दें कि हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी के साथ गठबंधन किया है। दोनों नेताओं ने एक दिन पहले 27 अक्टूबर को ही इस गठबंधन का ऐलान किया था। माना जा रहा है कि दोनों दलों का ये गठबंधन राजस्थान की कई विधानसभा सीटों पर असर डाल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications