Rajasthan Election Result 2023: राजस्थान में भाजपा जीती तो कौन होगा मुख्यमंत्री?
Rajasthan Assembly Election Result: राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 25 नवंबर को संपन्न हो गया था। चुनावी उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला मतदाताओं ने मतदान के दिन ही ईवीएम मशीनों में कैद कर दिया था, अब 3 दिसंबर को मतगणना के बाद कौन हारा कौन जीता इसका खुलासा होगा। इस बार के चुनाव में 75 फीसदी रिकार्ड तोड़ मतदान हुआ, जिसे सत्ताधारी कांग्रेस जहां सत्ता में अपनी पार्टी की वापसी का संकेत मान रही है वहीं भाजपा इस रिकार्ड तोड़ वोटिंग को अपने पक्ष में मान कर जीत के लिए आश्वस्त नजर आ रही है। हालांकि कई एग्जिट पोल भी राजस्थान में भाजपा की सरकार बनने की भविष्यवाणी कर चुके हैं, असली खुलासा तो 3 दिसंबर को ही होगा, लेकिन अगर भाजपा की सरकार राजस्थान में बनती है तो राजस्थान में मुख्यमंत्री कौन होगा?

अगर राजस्थान में भाजपा के अगले सीएम को लेकर आपके दिमाग में वंसुधरा राजे सिंधिया का नाम आ रहा है तो बता दें राजस्थान चुनाव से पहले भाजपा ने राजे को साइड लाइन कर रखा था, वहीं अचानक से चुनाव प्रचार के दौरान भी नवंबर माह में ही वंसुधरा राजे के राजनीति से सन्यास लेने की बात सामने आई थी हालांकि उन्होंने साफ कर दिया था कि उनका फिलहाल ऐसा कोई इरादा नहीं है। अब ऐसे में सवाल उठता है कि अगर 70 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री वंसुधरा राजे को भाजपा सीएम नहीं बनाती है तो भाजपा किसे सीएम बनाएगी? आइए जानते हैं कि वो कौन से दिग्गज भाजपा नेता हैं जिनके नाम राजस्थान के मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं?
गजेंद्र सिंह शेखावत
जैसलमेर के गजेंद्र सिंह शेखावत वर्तमान समय में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री हैं। जोधपुर से भाजपा सांसद गजेंद्र की राज्य में अच्छी पकड़ है। यहां तक टिकट बंटवारे में भी शेखावत के सुझाव को भाजपा आलाकमान ने खासी तव्वजों दी थी। अगर भाजपा राजस्थान जीतती है तो इन्हें मुख्यमंत्री बना कर राजस्थान की कमान सौंप सकती है। सर्वे में भी में मुख्यमंत्री के तौर पर सीएम पद के लिए 6 प्रतिशत लोगों ने इन्हें पसंद किया था।
दीया कुमारी
सांसद दीया कुमारी राजस्थान की विद्याधर नगर सीट से चुनाव लड़ा है। दीया को इस सीट पर राजे के करीबी नरपत सिंह का टिकट काट कर खड़ा किया गया था। वंसुधरा राजे की तरह दीया कुमारी भी राजस्थान के राजघराने से ताल्लुक रखती हैं, इसलिए भी इन्हीं राजे का मजबूत विकल्प माना जा रहा है। हालांकि सर्वे में 3 प्रतिशत लोगों ने ही दीया को सीएम के तौर पर पसंद किया था।
सतीश पूनिया
राजस्थान के सीएम की दौड़ में सतीश पूनिया का नाम भी शामिल है। पूनिया ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद राज्य में भाजपा को मजबूती दी थी। चूरू जिले के राजगढ़ के मूल निवासी पुनिया आरएसएस से भी जुड़े रहे हैं। इसके अलावा भजपा के टॉप लीडरों के भी वो खास हैं।
महंत बालकनाथ
राजस्थान में भाजपा की सीएम की रेस में भाजपा सांसद महंत बालकनाथ का नाम भी शामिल हैं। ओबीसी वर्ग से ताल्लुक रखने वाले बालकनाथ मस्त नाथ मठ के महंत हैं और उन्होंने राजस्थान से तिजारा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा है। चूंकि उत्तर प्रदेश में योगी को सत्ता सौंपने का सफल प्रयोग कर चुकी है तो अब भाजपा राजस्थान में भी ये प्रयोग कर सकती है। आपको जानकर ताज्जुब होगा कि सर्वे में मुख्यमंत्री के तौर पर महंत बालकनाथ को 13 फीसदी जनता ने पसंद किया था।
वसुंधरा राजे सिंधिया
हालांकि,सीएम की कुर्सी की दौड़ में वसुंधरा राजे का नाम सबसे मजबूत दावेदार के तौर पर माना जा रहा है। राजे लोकप्रिय नेता होने के साथ-साथ मुख्यमंत्री के तौर पर पहले ही राजस्थान की बांगडोर संभाल चुकी हैं इसलिए अनुभव के मामले में उन्हें सीएम पद का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
सर्वे में भी मुख्यमंत्री के तौर पर वसुंधरा राजे को बहुत पसंद किया गया है। 27 प्रतिशत लोगों ने सीएम के तौर पर इन्हें वोट किया, उन्होंने सपोर्ट किया कि राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार अगर बनती है तो मुख्यमंत्री तो वंसुधरा राजे सिंधिया को ही होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications