राजस्थान : बांसवाड़ा के कई गांवों में कुत्ते का आतंक, 15 से ज्यादा लोगों को काटा, महिलाएं और बच्चे भी शामिल
बांसवाड़ा, 14 अगस्त। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। जिले की सज्जनगढ़ पंचायत समिति के तहत आने वाले कई गांवों में शुक्रवार को कुत्ते का आतंक देखा गया। मैराणा, झकोड़ियानाथा, मैयावट और खुंदनीरूपा गांवों में शुक्रवार शाम 6 बजे बाद काले कुत्ते ने एक के बाद एक 15 से ज्यादा लोगों को जख्मी कर दिया। घायलों में बच्चे और महिलाएं भी हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि कुत्ते ने सबसे पहले मैराणा गांव में हमला किया, जहां 12 साल की अर्पिता पर पीछे से कुत्ते ने हमला कर दिया। इसके बाद कुत्ते ने गांव में हकरी नाम की महिला को जख्मी कर दिया और फिर पड़ोसी गांव झकोड़िया नाथा में 11 लोगों को काटा और मैयावट और खुंदनीरुपा गांव में भी एक-एक ग्रामीण पर हमला किया। इसके बाद सभी जख्मी लोगों को इलाज के लिए बांसवाड़ा अस्पताल रेफर कर दिया।
कुत्ते ने ज्यादातर छोटे बच्चों पर हमला किया है। किसी का कान काट लिया। किसी के गाल पर काटा है। किसी के सिर पर काटा तो किसी के हाथ पर काटा है। फिलहाल सभी घायलों का जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में इलाज चल रहा है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को फिलहाल घर से बाहर नहीं निकलने दें, क्योंकि अभी वो कुत्ता कहां और किस हालत में है। इसकी कोई जानकारी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications