Rajasthan Budget 2026: ₹6 लाख करोड़ का होगा राजस्थान बजट, इन सेक्टर को मिलेगी बंपर सौगात
Rajasthan Budget 2026: राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। अब पूरे प्रदेश की नजर है कि वित्त मंत्री दीया कुमारी के पिटारे से कितना पैसा निकलता है। बडट 2026-27 को लेकर सियासी और आर्थिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। राज्य सरकार की ओर से अभी तक बजट के बारे में अनुमानित आंकड़ों का जिक्र नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि संकेत मिल रहे हैं कि इस बार का बजट अब तक का सबसे बड़ा बजट हो सकता है।
अनुमान है कि राजस्थान का आगामी बजट ₹5.70 लाख करोड़ से ₹6 लाख करोड़ के बीच रह सकता है। पिछले वित्तीय वर्ष (2025-26) की बात करें, तो राज्य का बजट करीब ₹5.37 लाख करोड़ का था। आम तौर पर बजट में 7 से 10 फीसदी तक वृद्धि होती है। यही स्थिति रही, तो यह आंकड़ा आसानी से ₹5.80 लाख करोड़ को पार कर सकता है।

Rajasthan Budget 2026: बजट में कई सेक्टर में भारी निवेश
- विशेषज्ञों का मानना है कि महंगाई, वेतन-भत्तों और विकास योजनाओं के विस्तार को देखते हुए बजट का आकार बढ़ना तय है।
- इस बार के बजट में सबसे ज्यादा फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर और पूंजीगत व्यय (Capex) पर रहने की संभावना है। केंद्र सरकार ने भी अपने बजट में पूंजीगत खर्च में 15 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी की है। इसका सकारात्मक असर राजस्थान के बजट पर भी दिखेगा।
- सड़क, सिंचाई, ऊर्जा, शहरी विकास और औद्योगिक निवेश से जुड़े प्रोजेक्ट्स के लिए बड़ी राशि आवंटित की जा सकती है।
Rajasthan Budget 2026 Update: केंद्र से बढ़ी हिस्सेदारी का मिलेगा लाभ
केंद्रीय बजट 2026 में राजस्थान को करों में हिस्सेदारी के रूप में पिछले वर्ष की तुलना में ₹6,505 करोड़ ज्यादा है। यह अतिरिक्त राशि राज्य सरकार को नई योजनाओं की शुरुआत और पुरानी योजनाओं के विस्तार में मदद करेगी। माना जा रहा है कि सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास के मदों में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इस साल केंद्र से राजस्थान को 90 हजार करोड़ रुपये मिले हैं।
Rajasthan Budget में दिखेगा 2030 विजन
राज्य सरकार ने राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 2030 तक 350 बिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि इसी रोडमैप को ध्यान में रखते हुए बजट तैयार किया गया है। इस बजट में निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजन, स्टार्टअप प्रोत्साहन और पर्यटन को बढ़ावा देने वाली योजनाओं पर खास ध्यान दिया जाएगा।
11 फरवरी को खुलेगा पिटारा
राजस्थान की वित्त मंत्री दिया कुमारी 11 फरवरी 2026 को विधानसभा में बजट पेश करेंगी। उसी दिन स्पष्ट होगा कि सरकार किन क्षेत्रों को प्राथमिकता देती है और आम जनता को कितनी राहत मिलती है। फिलहाल उम्मीदें बड़ी हैं और माना जा रहा है कि यह बजट प्रदेश की आर्थिक दिशा तय करने वाला साबित होगा।












Click it and Unblock the Notifications