Rajasthan Budget 2025: विधानसभा में 19 फरवरी को पेश होगा बजट, भजनलाल सरकार कर सकती है ये बड़ी घोषणाएं
Rajasthan Budget 2025: राजस्थान बजट 2025 विधानसभा में 19 फरवरी को पेश किया जाएगा। राजस्थान की भाजपा सरकार में डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री दिया कुमारी बजट 2025 पेश करेंगी। यह राजस्थान की भजनलाल सरकार का तीसरा बजट होगा। राजस्थान बजट 2025-26 खासतौर पर महिलाओं, कर्मचारियों, और किसानों के हितों को प्राथमिकता देगा। राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट से पहले विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनता से मिले सुझावों पर विचार करते हुए कई बड़ी घोषणाओं की तैयारी की है।
यह भी पढ़ें- Budget 2025: आज शाम को होगा हलवा सेरेमनी, जानें बजट में किन 5 बातों पर होगा फोकस, किस सेक्टर में मिलेगी राहत?

राजस्थान बजट 2025 में कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए संभावित घोषणाएं
सूत्रों के अनुसार, कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बजट में कई राहत भरी घोषणाएं हो सकती हैं।
डीपीसी प्रमोशन में छूट: प्रमोशन के लिए अब 2 साल की छूट दी जाएगी।
मेडिकल फैसिलिटी का विकल्प: कर्मचारी आरजीएचएस के तहत अपने माता-पिता या सास-ससुर में से किसी एक को चुन सकेंगे।
रिटायरमेंट लाभ: हर साल 30 जून को रिटायर होने वाले कर्मचारियों को 1 जुलाई से एक काल्पनिक वेतन वृद्धि का लाभ मिलेगा।
ग्रेच्युटी सीमा में बढ़ोतरी: अधिकतम ग्रेच्युटी सीमा को 20 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये किया जा सकता है।
पेंशनर्स की चिकित्सा सेवा: आउटडोर चिकित्सा सेवा के लिए 30 हजार रुपये की सीमा को बढ़ाकर 50 हजार रुपये किया जाएगा।
पारिवारिक पेंशन में सुधार: 1 अप्रैल 2024 के बाद सेवा में रहते हुए कर्मचारी की मृत्यु पर, परिवार को 10 वर्षों तक बढ़ी हुई दर पर पारिवारिक पेंशन दी जाएगी।
राजस्थान बजट 2025 में किसानों और पशुपालकों के लिए विशेष योजनाएं
बजट से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किसानों, पशुपालकों, और डेयरी संघों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी। उनके अनुसार, "बजट का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और सबका विकास सुनिश्चित करना है।"
राजस्थान बजट सत्र 31 जनवरी से
राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा, और 7 फरवरी को मुख्यमंत्री इसका जवाब देंगे। 19 फरवरी को वित्त मंत्री दिया कुमारी बजट पेश करेंगी। बजट पर चर्चा और अन्य कार्य मार्च के दूसरे सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है।
राजस्थान बजट में सबकी निगाहें बड़े ऐलानों पर
भजनलाल सरकार का यह बजट विभिन्न वर्गों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की कोशिश करेगा। खासतौर पर कर्मचारियों, पेंशनर्स और ग्रामीण समुदायों के लिए प्रस्तावित योजनाओं पर सबकी निगाहें टिकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications