'22 अप्रैल का जवाब 22 मिनट में', बीकानेर के मंच से पीएम मोदी ने दिया दुनिया को संदेश, 10 खास बातें
PM Modi Bikaner speech: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार राजस्थान के बीकानेर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशनोक और पलाना क्षेत्र में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने पहलगाम हमले, ऑपरेशन सिंदूर पर जनसभा को संबोधित किया।
पीएम मोदी ने भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकी हमलों के प्रतिशोध, पाकिस्तान को सख्त संदेश दिया। आइए जानते हैं प्रधानमंत्री मोदी के भाषण की मुख्य बातें दस प्रमुख बिंदुओं में....

1. करणी माता के आशीर्वाद से "विकसित भारत" के संकल्प को बल
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी यात्रा की शुरुआत देशनोक के करणी माता मंदिर में दर्शन करके की। उन्होंने कहा कि मैं आज आपके बीच मां करणी के चरणों में नमन कर आशीर्वाद लेकर आया हूं। उनके आशीर्वाद से 'विकसित भारत' का संकल्प और मजबूत हुआ है।
2. 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद पहला दौरा - पाकिस्तान को स्पष्ट चेतावनी
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भारत अब हर आतंकी हरकत का तुरंत और निर्णायक जवाब देगा। जो भारतियों के खून से खेलेगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने पहलगाम हमले के बारे में कहा कि 22 अप्रैल के आतंकी हमले के जवाब में केवल 22 मिनट में 9 आतंकी ठिकाने तबाह कर दिए गए।
3. "अब लहू नहीं, गर्म सिंदूर बह रहा है", PM मोदी
पीएम मोदी ने पाकिस्तान पर जमकर गरजे। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि "अब मेरी नसों में लहू नहीं, गर्म सिंदूर बह रहा है। जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिला दिया गया। पाकिस्तान यह भूल गया कि अब मां भारती का सेवक मोदी डटकर खड़ा है।"
4. आतंकवाद को भारत के खिलाफ हथियार बनाने का पाकिस्तान का खेल बेनकाब
प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए पाकिस्तान को आड़े हाथ लिया और कहा पाक भारत से सीधी लड़ाई कभी नहीं जीत सकता। इसलिए आतंकवाद को एक रणनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करता है। लेकिन अब यह रणनीति खुद पाकिस्तान को भारी पड़ने वाली है।
5. पाकिस्तान से अब केवल POK और आतंकवाद पर बात होगी
मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब पाकिस्तान से बात सिर्फ और सिर्फ POK और आतंकवाद पर होगी। अगर पाकिस्तान ने आतंकियों को भेजना नहीं रोका तो पाई-पाई की कीमत चुकानी पड़ेगी।
6. 103 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन और बीकानेर-बांद्रा ट्रेन की सौगात
इस दौरान प्रधानमंत्री ने देशनोक से देश के 103 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया, साथ ही बीकानेर-बांद्रा सुपरफास्ट ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। कहा, "रेलवे के आधुनिकीकरण में अब पहले से डेढ़ गुना अधिक निवेश हो रहा है।"
7. 26 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
मोदी ने सभा में कहा कि "आज राजस्थान में ₹26,000 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन हुआ है। इसमें रेलवे, सौर ऊर्जा, कनेक्टिविटी और औद्योगिक ढांचे से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।"
8. 'पीएम सूर्यघर योजना' से सोलर ऊर्जा में आत्मनिर्भरता
प्रधानमंत्री ने बताया कि राजस्थान में 'पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना' के अंतर्गत 40 हजार से ज्यादा लोग जुड़े हैं। इससे लोगों का बिजली बिल शून्य हुआ है और उन्हें आय का नया स्रोत मिला है।
9. नाल एयरबेस की रक्षा और पाकिस्तान के रहीमयार खान एयरबेस पर तंज
मोदी ने कहा कि मैं बीकानेर के नाल एयरबेस पर उतरा, जिसे पाकिस्तान ने निशाना बनाने की कोशिश की थी, लेकिन वह विफल रहा। वहीं रहीमयार खान एयरबेस आईसीयू में पड़ा है।
10. "राजस्थान की वीर भूमि देशभक्ति का पाठ पढ़ाती है"
प्रधानमंत्री ने राजस्थान की संस्कृति और इतिहास को नमन करते हुए कहा, "यह भूमि महाराजा गंगा सिंह जैसे महापुरुषों की है, जिन्होंने रेत में हरियाली लाई। राजस्थान सिखाता है कि देश और देशवासियों से बड़ा कुछ नहीं होता।"












Click it and Unblock the Notifications