Mama Bhanja Rajasthan: मामा को जमीन मुआवजे में मिले 75 लाख रुपए, भांजे ने खाते से निकले ऑनलाइन गेम में उड़ाए
Mama Bhanja News Dausa Rajasthan: ऑनलाइन गेम की लत बहुत खतरनाक है। इससे न केवल शारीरिक व मानसिक बल्कि आर्थिक रूप में से भी भारी नुकसान हो सकता है। इसका ताजा उदाहरण राजस्थान के दौसा जिले में सामने आया है।
दौसा में एक युवक को ऑनलाइन गेम (जुआ) की ऐसी लत लगी कि उसने जमीन मुआवजे से करोड़पति बने चार मामाओं के बैंक खाते से 75 लाख रुपए निकलवा कर गेम में उड़ा दिए।

दौसा एएसपी शंकरलाल मीना के अनुसार जिले के कोलवा पुलिस थाने में विश्राम मीणा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। दौसा के बांदीकुई के धनावड़ गांव के रहने वाले चार भाइयों रामस्वरूप मीणा (58), नरसी मीणा (55), घमंडीलाल (50) और मुकेश कुमार (47) ने रिपोर्ट दी कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे में उनकी जमीन अधिग्रहण हुई थी।
चारों को साल 2019 में सरकार की ओर से 1.10 करोड़ रुपए से अधिक का मुआवजा मिला था। इसमें से कुछ राशि चारों भाइयों ने निकाल ली थी। शेष 73 लाख रुपए अपनी बेटियों की शादी के लिए बैंक खाते में जमा करवा दिए थे। एक भाई की दो बेटियों की तो इसी साल 12 मार्च को शादी होनी है।
हुआ यूं कि सिकंदरा के पास राजवास गांव का रहने वाला विश्राम मीणा अपने ननिहाल में रहता था। पिछले तीन साल से उसने तीन मामा व एक मामा की बेटी का एटीएम कार्ड चुराकर उनसे अपने मोबाइल में फोन पे यूज करने लगा और उसी से पैसे निकालना शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें- Mewaram jain viral Video: कांग्रेस नेता मेवाराम जैन खुद चाहता था वीडियो बना लिया जाए, ताकि बाद में...
महज 22 साल के भांजे विश्राम ने तीन साल में 450 से ज्यादा बार ट्रांजेक्शन करके तीन मामाओं के बैंक खाते से 72.50 और मामा की बेटी के खाते से ढाई लाख रुपए निकाल लिए। किसी को भनक तक नहीं लगने दी। सारे पैसे वह ऑनलाइन गेम में हार भी गया।
नरसी मीणा की दो बेटियों की आगामी 12 मार्च को शादी है। वह शादी के लिए जब अपने खाते से रुपए निकलवाने के लिए बैंक गया तो उसमें केवल 33,500 रुपए की ही राशि मिली। वह बैंक बैलेंस देखकर दंग रह गया। घर आकर बाकी भाइयों को यह बात बताई। उन्होंने भी अपने खाते चेक किए तो उनमें भी नाममात्र की राशि थी।
दरअसल, नरसी राम मीणा ने बेटियों की शादी में गहने बनाने के लिए एक ज्वेलर को पांच लाख रुपए का ऑर्डर दिया था। ज्वेलर को एक लाख एडवांस रुपए देने थे। इसीलिए वह 5 जनवरी को पैसे निकलवाने बैंक पहुंचा था। वहां उसने एक लाख रुपए निकासी का चैक लगाया। उसने एक लाख रुपए ले लिए। फिर बैंक कर्मियों से बैलेंस पूछा तो पता चला कि अकाउंट में सिर्फ 33 हजार 510 रुपए बचे हैं।
फिर उसने हाथों-हाथ अपनी बैंक पासबुक अपडेट करवाई तो खाते में कई ट्रांजेक्शन के जरिए पहले ही लाखों रुपए निकाले जा चुके थे। फिर अन्य भाइयों को भी इसका पता लगा तो उन्होंने ने भी अपने खाते संभाले। चारों के खाते से कुल 75 लाख रुपए निकाले जा चुके थे।
बैंक ने परे मामले की पड़ताल की तो पता चला कि चारों के खाते से रुपए उनके भांजे विश्राम मीणा ने ऑनलाइन निकाले हैं। चारों मामा कोलवा पुलिस थाने पहुंचे और आरोपी भांजे विश्राम मीणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। फिलहाल आरोप विश्राम फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
विश्राम मीणा से जब किसी रिश्तेदार ने व्हाट्सएप कॉल के जरिये संपर्क किया तो उसने बताया कि मामाओं के 72 लाख रुपए और कुल 1.91 करोड़ रुपए वह ऑनलाइन विंजो गेम में हार गया है।












Click it and Unblock the Notifications