नागौर MP हनुमान बेनीवाल का हाथ उठा, तेजादशमी के मेले में आए युवक को जड़ा थप्पड़, देखें वायरल वीडियो
जयपुर, 7 सितम्बर। राजस्थान में नागौर सांसद व राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक समर्थक को थप्पड़ जड़ते नजर आ रहे हैं। हालांकि उन्होंने बाद में युवक को गले लगाकर डैमेज कंट्रोल कर लिया। इस घटना के वायरल वीडियो में हनुमान बेनीवाल को खूब ट्रोल किया जा रहा है।

तेजादशमी मेले में पहुंचे हनुमान बेनीवाल
पूरा मामला नागौर जिले के खरनाल में भरे तेजादशमी मेले का बताया जा रहा है। बेनीवाल भी तेजादशमी के मेले में आए थे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल मेले के दौरान भीड़ से घिरे हुए नजर आ रहे हैं। उनके साथ सेल्फी लेने की युवाओं में होड़ लगी हुई है। इसी बीच किसी बात पर नाराज होकर बेनीवाल ने चेक शर्ट पहने हुए एक युवक को थप्पड़ मार दिया।

हेलिकॉप्टर में बैठे युवक की फोटो भी शेयर
युवक आरएलपी का ही कार्यकर्ता बताया जा रहा है। थप्पड़ मारने के बाद हनुमान बेनीवाल ने उसे गले से लगा लिया और पुचकारते दिखे। यह पूरा मामला मोबाइल कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब खूब वायरल हो रहा है। हनुमान बेनीवाल के साथ हेलिकॉप्टर में बैठे एक युवक की फोटो भी शेयर की जा रही है। यह फोटो उसी प्रशंसक की बताई जा रही है, जिसे बेनीवाल ने थप्पड़ मारा था।
पिछले चुनाव में ऑडियो हुआ वायरल
बता दें कि हनुमान बेनीवाल के साथ इस तरह के विवाद पहले भी जुड़ चुके हैं। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 में हनुमान बेनीवाल व एक कार्यकर्ता का ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें बेनीवाल गालियां निकाल रहे थे। उस ऑडियो को लेकर भी बेनीवाल सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए थे। इसके अलावा पिछले दिनों बेनीवाल ने कांग्रेस विधायक दिव्या मदेरणा को शादी करने की सलाह देते हुए आपत्तिजनक बयान दिया था, जिस पर खूब विवाद हुआ था।
शेखवाटी मूड में आ गया तो राजस्थान में परिवर्तन होगा
इधर, सांसद हनुमान बेनीवाल सीकर के सांगलिया में तेजाजी महाराज की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि शेखवाटी यदि परिवर्तन के मूड में आ गया तो राजस्थान में परिवर्तन होगा। आने वाला समय राजस्थान में नौजवानों और किसानों का होगा। बेनीवाल ने सभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा है। 2023 के चुनाव में किसानों को एकजुट रहकर सत्ता पर कब्जा करने की बात भी कही है।












Click it and Unblock the Notifications