Rajasthan: झीलों की नगरी में पहुंचे 2 लाख से ज्यादा पर्यटक, जानिए इस सीजन में उदयपुर क्यों आते हैं टूरिस्ट
Rajasthan News: राजस्थान में दिवाली के दौरान पर्यटन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी गई है। इस सीजन में खासकर झीलों की नगरी उदयपुर में काफी तादाद में पर्यटक आ रहे हैं। अक्टूबर महीने में कुल 1.71 लाख पर्यटकों ने शहर का रुख किया। जिसमें 1.55 लाख घरेलू और लगभग 17.5 हजार अंतरराष्ट्रीय पर्यटक शामिल थे। सितंबर के आंकड़ों की तुलना में जिसमें 1.54 लाख घरेलू और 7,200 अंतरराष्ट्रीय आगंतुक थे। यह उछाल साफ तौर पर शहर की जीवंत सजावट और पर्यटन को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
उदयपुर की पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊर्जा के साथ वापसी
कोविड-19 महामारी के कारण पिछले कुछ वर्षों में पर्यटन उद्योग को वैश्विक स्तर पर भारी झटका लगा था। लेकिन अब उदयपुर एक नई ऊर्जा के साथ वापसी कर रहा है। वर्तमान वर्ष के आंकड़ों के अनुसार उदयपुर में अब तक कुल 14.74 लाख पर्यटकों का स्वागत किया जा चुका है। जो पर्यटन क्षेत्र की मजबूत रिकवरी का संकेत देता है।

पर्यटकों के आने से पर्यटन विभाग उत्साहित
पर्यटन विभाग की उप निदेशक शिखा सक्सेना ने इन आंकड़ों को देखते हुए आगामी महीनों के लिए उत्साह जताया और बताया कि बेहतर सुविधाओं और साहसिक विकल्पों के माध्यम से पर्यटकों के अनुभवों को और भी समृद्ध बनाने की योजना है। यह पहल न केवल अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने की दिशा में है। बल्कि स्थानीय आतिथ्य, खुदरा और मनोरंजन उद्योग को भी बढ़ावा देने का प्रयास है।
देश-विदेश से आते हैं पर्यटक
त्यौहारी सीजन में राजस्थान की सांस्कृतिक समृद्धि भी पर्यटकों को आकर्षित करने में एक अहम भूमिका निभाती है। राजसमंद का कुंभलगढ़ महोत्सव इसका एक प्रमुख उदाहरण है। जहां देश-विदेश से भारी संख्या में पर्यटक आते हैं। इसी तरह की पहल और नए स्थलों को बढ़ावा देने के प्रयास के चलते उदयपुर और उसके आस-पास के क्षेत्रों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है।
पर्यटन उद्योग में लौटी रौनक
कुल मिलाकर यह त्यौहारी सीजन न केवल पर्यटन उद्योग में रौनक लेकर आया है। बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था के विकास और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण में भी योगदान दे रहा है। आगामी महीनों में कुंभलगढ़ महोत्सव और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चलते उदयपुर और राजस्थान में पर्यटन के क्षेत्र में सकारात्मक वृद्धि की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications