Lok Sabha Election: राजस्थान के प्रथम चरण में 12 लोकसभा सीटों पर जानिए कितने वोटर करेंगे भाग्य का फैसला...?
Lok Sabha Election Rajasthan: लोकसभा आम चुनाव-2024 के प्रथम चरम में प्रदेश की 12 लोकसभा सीटों पर होने वाले मतदान को लेकर निर्वाचन विभाग ने एकीकृत मतदाता सूची आज जारी कर दी।
राजस्थान में प्रथम चरण की 12 लोकसभा सीटों पर करीब 2.54 करोड़ मतदाता इस बार नेताओं के भाग्य का फैसला करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने आज सूची जारी कर जानकारी शेयर की।

राजस्थान में लोकसभा आम चुनाव-2024 के लिए प्रथम चरण की 12 लोकसभा क्षेत्रों में मतदान के लिए मतदाता सूचियां प्रकाशित की गई हैं। ये सूचियां विभाग की वेबसाइट ceorajasthan.nic.in पर उपलब्ध करवा दी गई है। इन मतदाता सूचियों में कुल 2,54,29,610 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 1,14,069 सर्विस वोटर हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने गुरूवार को सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ शासन सचिवालय में बैठक आयोजित कर उन्हें लोकसभा चुनाव-2024 के प्रथम चरण से संबंधित लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की एकीकृत मतदाता सूचियों के प्रकाशन की जानकारी दी।
गुप्ता ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव-2024 के लिए प्रकाशित इन मतदाता सूचियों के अनुसार, सामान्य मतदाताओं की कुल संख्या 2,53,15,541 हैं, जिनमें 1,32,89,538 पुरुष, 1,20,25,699 महिला एवं 304 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
उन्होंने बताया कि इस चुनाव में 18-19 वर्ष उम्र के 7,98,520 नव मतदाता लोकसभा चुनाव में पहली बार मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन क्षेत्रों में कुल 2,51,250 दिव्यांग मतदाता हैं।
सबसे अधिक और कम मतदाता
गुप्ता ने बताया कि प्रथम चरण के 12 लोकसभा क्षेत्रों में सर्वाधिक मतदाता जयपुर में 22,87,350 हैं, जबकि दौसा लोकसभा क्षेत्र में सबसे कम 18,99,304 वोटर हैं।
100 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के सबसे अधिक संख्या 1,802 झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र में है। 13 बुजुर्ग मतदाताओं की उम्र 120 वर्ष से अधिक है।
गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2024 में इन 12 लोकसभा क्षेत्रों में कुल 2,54,29,610 मतदाता पंजीकृत हैं, इनमें 2,53,15,541 सामान्य मतदाता हैं। वहीं, वर्ष 2019 में चुनाव के दौरान कुल 2,31,79,625 मतदाता थे। इसमें सामान्य मतदाताओं की संख्या 2,30,68,868 थी। अब इन क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या में लगभग 22.5 लाख की वृद्धि हो गई है।
प्रथम चरण के लिए मतदाताओं के आंकड़े
मतदाता श्रेणी पुरूष महिला थर्ड जेंडर कुल
सामान्य वोटर 1,32,89,538 1,20,25,699 304 2,53,15,541
सर्विस वोटर 1,10,376 3,693 0 1,14,069
कुल मतदाता 1,33,99,914 1,20,29,392 304 2,54,29,610
आयु 18-19 वर्ष 4,77,439 3,21,076 5 7,98,520
आयु 85+ वर्ष 92,708 1,77,392 1 2,70,101
दिव्यांग 1,69,184 82,063 3 2,51,250
एनआरआई 110 49 0 159
मतदान केंद्रों की संख्या 24,370 (23,651+719)
मतदान केन्द्रों की संख्या 587 बढ़ी
गुप्ता ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 में प्रथम चरण के मतदान के लिए 23,651 मतदान केन्द्र एवं 719 सहायक मतदान केन्द्रों को मिलाकर कुल 24,370 मतदान केन्द्र है। दूसरे चरण के मतदान के लिए 28,105 मतदान केन्द्र एवं 651 सहायक मतदान केन्द्रों को मिलाकर 28,756 मतदान केन्द्र है।
इस तरह से प्रदेश में कुल 53,126 मतदान केन्द्र है। वहीं लोकसभा चुनाव 2019 में कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 51,965 थी। प्रथम चरण के लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में 2019 के चुनावों में 23,783 मतदान केन्द्र थे, इस तरह लोकसभा चुनाव-2024 में प्रथम चरण के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 587 मतदान केन्द्रों की बढ़ोतरी हुई है।
लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रवार तुलना-
निर्वाचन क्षेत्र वर्ष 2024 वर्ष 2019 वृद्धि
गंगानगर 21,02,002 19,41,656 1,60,346
बीकानेर 20,48,399 18,49,433 1,98,966
चूरू 22,13,187 20,10,464 2,02,723
झुंझुनू 20,68,540 19,08,887 1,59,653
सीकर 22,14,900 20,24,830 1,90,070
जयपुर ग्रामीण 21,84,978 19,43,486 2,41,492
जयपुर 22,87,350 21,25,718 1,61,632
अलवर 20,59,888 18,73,618 1,86,270
भरतपुर 21,14,916 19,34,176 1,80,740
करौली-धौलपुर 19,75,352 18,05,657 1,69,695
दौसा 18,99,304 17,26,376 1,72,928
नागौर 21,46,725 19,24,567 2,22,158
मतदाता मार्गदर्शिका का वितरण 30 मार्च से
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य विधानसभा चुनाव-2023 की तरह इस बार भी मतदाता मार्गदर्शिका का वितरण किया गया है। मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए प्रदेश के प्रत्येक परिवार को यह मार्गदर्शिका उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के मतदान वाले लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 61 लाख 29 हजार मार्गदर्शिकाओं का वितरण किया जाएगा।
इनके वितरण का कार्य 30 मार्च से शुरू होगा। दूसरे चरण के मतदान वाले लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 63 लाख 71 हजार मार्गदर्शिकाओं का वितरण किया जाएगा। इनका वितरण 31 मार्च से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बीएलओ के माध्यम से मतदाताओं के घर-घर यह मार्गदर्शिका पहुंचाई जाएगी। इसमें मतदान प्रक्रिया से जुड़ी सभी जानकारियां दी गई हैं, ताकि मतदाता जब मतदान केंद्र पर जाए तो उसे कोई परेशानी न हो। इसमें मतदाता सूची में अपना नाम खोजने, मतदान के लिए साथ ले जाने वाले परिचय पत्र, मतदान की प्रक्रिया आदि की जानकारी दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications