इरफान खान की यादें : धौलपुर कभी नहीं भूल पाएगा बॉलीवुड के पान सिंह तोमर को
धौलपुर। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता इरफान खान के निधन से धौलपुर जिले में भी शोक की लहर दौड़ गई। धौलपुर से इरफान खान का गहरा नाता रहा है। राष्ट्रीय एथलीट पर बनी फिल्म पानसिंह तोमर की शूटिंग अधिकांश धौलपुर और मुरैना के चम्बल के बीहड़ इलाकों में ही की गई थी।

बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान ने धौलपुर के कलाकारों को बड़ा मौका दिया था। पान सिंह तोमर फिल्म इरफान खान का राइट हैंड कहा जाने वाला कलाकार गोविंद शर्मा धौलपुर जिले का है। जिसने फिल्म में बलवंत सिंह की भूमिका निभाई थी। अभिनेता इरफान खान के निधन पर धौलपुर के कलाकारों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। धौलपुर के एक दर्जन से अधिक स्थानीय कलाकारों ने फिल्म में काम किया था। इन कलाकारों को अभिनेता इरफान खान ने मौका दिया था। जिनको आज इरफान खान के निधन पर गहरा सदमा है।
धौलपुर में हुई पान सिंह तोमर की शूटिंग
इरफान खान के साथ काम कर चुके स्थानीय अभिनेता गोविंद शर्मा ने बताया कि इरफ़ान खान एक नेक दिल इंसान थे। राजस्थान के होने के कारण धौलपुर के लोगों से स्नेह बहुत करते थे। राष्ट्रीय एथलीट पर बनी फिल्म पानसिंह तोमर ने सातवें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में से 2 पुरस्कारों को जीता था। फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म घोषित किया गया था। पान सिंह तोमर के फिल्म के अंश अधिकांश धौलपुर और मुरैना जिले के चम्बल के बीहड़ों में फिल्माए गए थे।
जब बच्चों के साथ क्रिकेट खेला
फिल्म के अंदर इरफान खान ने धौलपुर की भाषा शैली का पूरा प्रयोग किया था। जिस फिल्म का धौलपुर के लोगों ने भरपूर लुत्फ उठाया था। गोविंद शर्मा ने बताया कि जब पान सिंह फिल्म तोमर की शूटिंग की जा रही थी तो धौलपुर शहर में सब्जी मंडी के पास बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। बच्चों के हाथ में बैट देख इरफान खान दौड़कर पहुंच गए। बच्चों के साथ क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया।
डेढ़ माह धौलपुर में बिताया
पान सिंह तोमर फिल्म की शूटिंग के दौरान करीब डेढ़ माह का समय इरफान खान ने धौलपुर में व्यतीत किया था। इस समय के दौरान अभिनेता इरफान खान ने सैकड़ों लोगों के दिलों को जीता था। उनके निधन से आज लोगों में शोक की लहर तो बनी हुई है। उसके साथ गहरा सदमा भी लगा है।












Click it and Unblock the Notifications