Meghraj Singh Ratnu: राजस्थान का वो IAS, जो 32 साल की नौकरी में बना 'धनकुबेर', ससुराल तक में पड़ गए छापे
ACB raids IAS Meghraj Singh Ratnu House: आईएएस मेघराज सिंह रत्नू के ससुराल समेत छह जगहों पर एसीबी ने छापे मारे हैं। 32 साल की नौकरी 30 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति बनाई।
Who is IAS Meghraj Singh Ratnu: बेटी माहिजा की शादी में डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए। 50 लाख देकर बेटे को मेडिकल कॉलेज में एडमिशन दिलवाया। 32 साल की नौकरी में 10 भूखंड व 2 फ्लैट खरीद डाले। 4 लॉकर तो अभी खुलने बाकी हैं। यह 'धनकुबेर' आईएएस अफसर मेघराज सिंह रत्नू हैं, जो सहकारिता विभाग में रजिस्ट्रार पद पर सेवाएं दे रहे हैं।
आरएएस से पदोन्नत होकर आईएएस बने मेघराज सिंह रत्नू की अथाह संपत्ति का खुलासा एसीबी के छापों में हुआ है। एसीबी ने शुक्रवार को आय से अधिक संपत्ति मामले में रत्नू के सीकर में ससुराल समेत छह जगहों पर रेड मारी, जिसमें आईएएस रत्नू की संपत्तियों के बारे में खुलासा हुआ है।

इन जगहों पर हुई कार्रवाई
- जयपुर के प्रताननगर इलाके में राज आंगन स्थित घर
- अजमेर वाला घर
- जैसलमेर में पुश्तैनी घर
- सीकर में ससुर डॉ. रिछपाल सिंह के लक्ष्मणगढ़ स्थित घर
- श्रीगंगानगर में सार्दुलसिंह कंग के घर
- सहकार भवन स्थित ऑफिस
रत्नू के पास छह लाख नकद व चार लॉकर मिले
राजस्थान एसीबी एडीजी हेमंत प्रियदर्शिनी के अनुसार दो माह पूर्व इंटेलिजेंस विंग का इनपुट मिला था कि आईएएस मेघराज सिंह रत्नू के पास आय से अधिक संपत्तियां हैं। डीआईजी रणधीर सिंह व एएसपी बिशनाराम बिश्नोई की टीमों ने गोपनीय जांच के बाद शुक्रवार को छहों जगहों पर एक साथ छापा मारा।
कौन हैं आईएएस मेघराज सिंह रत्नू?
मूल रूप से जैसलमेर के रहने वाले मेघराज सिंह रत्नू ने साल 1991 को राजस्थान प्रशासनिक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा पास की थी। आरएएस से प्रमोट होकर आईएएस बने। 32 साल की नौकरी में तीन बार एपीओ भी हुए। जोधपुर विकास प्राधिकरण में आयुक्त, नेशनल हेल्थ मिशन में एडिशनल डायरेक्टर, हॉर्टिकल्चर में डायरेक्टर आदि पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।
आईएएस मेघराज सिंह रत्नू के पास क्या संपत्ति मिली
एसीबी के छापे में आईएएस रत्नू के पास शास्त्री नगर हाउसिंग स्कीम अजमेर में 600 वर्गगज, अजमेर रोड स्थित महालक्ष्मी नगर में 422 वर्गगज, शिव-शक्तिनगर जगतपुरा में 1020 वर्गगज और सालासर ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड अजमेर रोड में 904 वर्गगज के भूखंड के दस्तावेज मिले हैं।
आईएएस मेघराज सिंह रत्नू की पत्नी मंजूला के नाम से महालक्ष्मी नगर अजमेर व त्रिमूर्ति कॉम्प्लेक्स मालवीय नगर में दो फ्लैट के दस्तोवज मिले हैं। एसीबी ने आईएएस रत्नू के राज आंगन स्थित 1200 वर्गगज के जिस बंगले में छापा मारा, उसे 1.10 करोड़ रुपए में खरीदा गया था।
एसीबी छापे में पता चला कि आईएएस मेघराज सिंह रत्नू के पास एसबीआई, एयू स्मॉल बैंक और एचडीएफसी में चार लॉकर हैं, जिन्हें बाद में खोला जाएगा। 3 लग्जरी गाड़ी व परिसंपत्तियों के दस्तावेज भी मिले हैं। विदेश यात्राओं का भी खुलासा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications