राजस्थान: सरकारी स्कूल की बिल्डिंग के लिए झुंझुनूं के ग्रामीणों ने घर-घर से जुटाए 41.51 लाख रुपए
झुंझुनूं। राजस्थान की झुंझुनूं के गांव लालपुर के लोगों ने अनूठी मिसाल पेश की है। गांव के सरकारी स्कूल की मरम्मत करवाने के लिए 41.51 लाख एकत्रित किए हैं। यह राशि गांव के घर-घर से जुटाई गई है। ग्रामीणों ने पहले तो सरकार से गुहार लगाई। नेताओं से फरियाद की और सरकारी कार्यालय दर कार्यालय चक्कर काटे। कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों ने अपने स्तर पर राशि जुटाने की ठानी और कर दिखाया।

ग्रामीण ने 15 अगस्त 2019 को गांव के सरकारी स्कूल का भवन खुद के पैसों से बनवाने का संकल्प लिया। चार महीने में गांव में डोर-टू-डोर संपर्क कर 41 लाख 50 हजार रुपए की राशि इकट्ठा कर डाली। इसमें ग्रामीणों ने 200 रुपए से लेकर पांच लाख रुपए तक का सहयोग दिया है। अपने संकल्प को पूरा करने के लिए ग्रामीणों ने सोमवार को इस राशि का चैक स्कूल प्रिंसीपल सुमन भड़िया और शिक्षक अशोक शर्मा की मौजूदगी में झुंझुनूं जिला कलक्टर रवि जैन को सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि अब वे जन सहभागिता योजना के तहत स्कूल का भवन सरकार से बनवाएंगे। जिला कलक्टर ने भी ग्रामीणों के इस प्रयास का सराहा।
उल्लेखनीय है कि जन सहभागिता योजना के तहत 40 प्रतिशत पैसा दानदाता और 60 प्रतिशत पैसा सरकार को देना होता है। इस लिहाज से अब करीब एक करोड़ रुपए स्कूल के भवन में खर्च होंगे। यह संभवतया पहला मामला है जब स्कूल का भवन बनाने के लिए गांव के प्रत्येक घर ने सहयोग राशि दी है और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर इतनी बड़ी रकम जोड़ पाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications