Jaipur Weather: जयपुर में बेमौसम बारिश से किसानों को नुकसान! आज कितने जिलों में है अलर्ट? कब साफ होगा मौसम
Jaipur Weather Update: राजस्थान में एक बार फिर एक्टिव हुए नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदल गया है। राजधानी जयपुर सहित 10 से अधिक जिलों में मंगलवार सुबह से रुक-रुक कर तेज बारिश का दौर जारी है। आइए जानते हैं मौसम विभाग की ताजा चेतावनी क्या है?
नागौर जिले में सुबह ओलावृष्टि दर्ज की गई है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर नागौर की दो प्रमुख कृषि मंडियों में आज के लिए अवकाश घोषित किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश के 17 जिलों में मध्यम से भारी बारिश और ओलावृष्टि के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 20 से 50MM तक वर्षा होने की संभावना है।

राजस्थान के कितने जिलों में ऑरेंज अलर्ट?
राजधानी जयपुर के अलावा बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, अजमेर, जोधपुर और नागौर में ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा अन्य सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की बारिश और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है।
सीकर और जोधपुर में मूसलाधार बारिश से जलभराव
- जोधपुर: जिले के तिंवरी क्षेत्र में सुबह 8:30 बजे से लगातार एक घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया।
- सीकर: सुबह 9 बजे के बाद हुई तेज बारिश और हवाओं के कारण आवागमन प्रभावित हुआ। स्कूली बच्चों और कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
राजस्थान में कब साफ होगा मौसम?
मौसम केंद्र जयपुर से मिली जानकारी के अनुसार, इस नए वेदर सिस्टम का प्रभाव आगामी 24 घंटों तक बना रहेगा। 8 अप्रैल को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और बादल छाए रहेंगे, हालांकि 9 अप्रैल से प्रदेश भर में मौसम साफ होने और तापमान में वृद्धि होने की उम्मीद है।
जयपुर में कितना है AQI?
जयपुर में हुई बारिश का सबसे बड़ा फायदा शहर की आबोहवा को मिला है। हवा में मौजूद जहरीले कणों के स्तर में बड़ी कमी दर्ज की गई है। ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, हवा में PM2.5 का स्तर घटकर 28 और PM10 का स्तर 34 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर पर आ गया है। बारिश की बूंदों के साथ धूल और धुएं के कण जमीन पर बैठ गए हैं, जिससे वातावरण पूरी तरह स्वच्छ हो गया है। शहरवासियों को न केवल गर्मी, बल्कि खतरनाक प्रदूषण से भी बड़ी राहत मिली है।
दुनिया के प्रदूषित शहरों में जयपुर अब 294वें स्थान पर
हवा की गुणवत्ता सुधरने के बाद जयपुर अब दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में 294वें स्थान पर आ गया है। हल्की बारिश (Patchy light rain) और 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने प्रदूषण को काफी हद तक कम कर दिया है। वर्तमान में शहर का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और नमी (Humidity) का स्तर 57 फीसदी बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications