जमवारामगढ़ बांध: जयपुर में पहली बार कृत्रिम बारिश का सफल परीक्षण, AI तकनीक से हुआ संचालन, देखें VIDEO
Artificial Rain Rajasthan: राजस्थान की राजधानी जयपुर के पास जमवारामगढ़ बांध में मंगलवार, 12 अगस्त 2025 को इतिहास रच दिया गया। यहां राज्य में पहली बार कृत्रिम बारिश (Artificial Rain) का सफल परीक्षण किया गया है। परीक्षण का उद्देश्य बारिश की कमी से जूझ रहे क्षेत्रों में जल संकट और फसलों की समस्या को दूर करना है। कृत्रिम बारिश से पहले ड्रोन की विशेष पूजा अर्चना की गई।

15 दिन की तैयारी के बाद सफलता
वैज्ञानिकों की टीम पिछले 15 दिन से जयपुर में इस परीक्षण की तैयारियों में जुटी थी। 12 अगस्त की दोपहर को विशेष ड्रोन ने बांध क्षेत्र के ऊपर उड़ान भरते हुए बादलों में केमिकल का छिड़काव किया। इसके कुछ देर बाद बांध क्षेत्र में हल्की बारिश दर्ज की गई। कृत्रिम बारिश देखने के लिए बांध क्षेत्र में लोगों की भीड़ उमड़ी।
अमेरिकी कंपनी ने किया परीक्षण
इस परियोजना की पहल कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने की थी। इसके लिए अमेरिका और बेंगलुरु की टेक्नोलॉजी आधारित कंपनी जेन एक्स एआई (GenX AI) को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मंत्री मीणा खुद मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
एआई से हुआ पूरा नियंत्रण
पूरा सिस्टम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से संचालित हुआ। इसमें बादलों की नमी, हवा की दिशा और मौसम की स्थिति का विश्लेषण कर बारिश की मात्रा और क्षेत्र तय किए गए। राजस्थान सरकार का कहना है कि यदि आगे के परीक्षण भी सफल रहते हैं, तो जरूरत पड़ने पर राज्य के सूखाग्रस्त इलाकों में कृत्रिम बारिश कराकर किसानों की फसलों को बचाया जाएगा। इससे प्रदेश में कृषि उत्पादन और जल संकट समाधान में बड़ा कदम उठाया जा सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications