Jaipur Metro News: जयपुर मेट्रो में अब टोकन नहीं, QR कोड टिकट से होगा सफर
Jaipur Metro News: जयपुर मेट्रो अपने यात्रियों को जल्द बड़ी सुविधा देने जा रहा है। अब यात्रियों को स्मार्ट टोकन संभालने की झंझट से छुटकारा मिलेगा। यात्री क्यूआर कोड (QR Code) टिकट के जरिए मेट्रो में यात्रा कर सकेंगे। बीते कुछ महीनों से इस नई व्यवस्था की तैयारी चल रही थी। मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही यह नई प्रणाली पूरी तरह लागू कर दी जाएगी।
फिलहाल जयपुर मेट्रो में टोकन और क्यूआर कोड वाले पेपर टिकट दोनों जारी किए जा रहे हैं। नई व्यवस्था के बाद यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए एंट्री गेट पर लगे मशीन में क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। अधिकारियों का कहना है कि यह प्रणाली न सिर्फ किफायती है, बल्कि यात्रियों के लिए ज्यादा सुविधाजनक भी है।

Jaipur Metro News: टोकन की झंझट से मिलेगी राहत
- जयपुर मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में जयपुर मेट्रो पूरी तरह क्यूआर कोड टिकट सिस्टम पर शिफ्ट हो जाएगी।
- इस बदलाव के पीछे सबसे बड़ी वजह टोकन के नुकसान से होने वाला आर्थिक घाटा है। आंकड़ों के मुताबिक, जयपुर मेट्रो में रोजाना औसतन 100 से 150 यात्री स्मार्ट टोकन अपने साथ ले जाते हैं या खो देते हैं।
- मार्च 2024 तक करीब 79,156 टोकन खराब या गुम हो चुके हैं। एक टोकन की लागत लगभग 22 रुपये आती है, जिससे मेट्रो प्रशासन को हर साल लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है।
- यात्री स्टेशन छोड़ने के बाद टोकन वापस नहीं कर पाते हैं। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अब यह बदलाव किया जा रहा है।
Jaipur Metro News: क्यूआर कोड से सफर होगा आसान
इसके अलावा, मेट्रो प्रशासन निजी कंपनियों के साथ मिलकर एक पेपरलेस टिकटिंग सिस्टम पर भी काम कर रहा है। प्रस्तावित योजना के तहत यात्री टिकट काउंटर पर अपना मोबाइल नंबर देकर व्हाट्सएप के जरिए क्यूआर कोड टिकट ले सकेंगे। भविष्य में यात्री ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से भी मेट्रो टिकट खरीद सकेंगे, जिससे लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
Jaipur Metro Update: किराया चोरी पर लगेगी लगाम
जयपुर मेट्रो में क्यूआर कोड टिकट सिस्टम लागू करने की एक और अहम वजह किराया चोरी पर लगाम लगाना है। कई बार यात्री न्यूनतम 6 रुपये का किराया देकर लंबी दूरी तय कर लेते हैं। हालांकि पकड़े जाने पर 50 रुपये जुर्माना या अधिकतम 22 रुपये किराया वसूला जा सकता है, लेकिन ऐसे मामलों की संख्या कम है। नई डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था से इस तरह की अनियमितताओं पर भी रोक लगेगी।












Click it and Unblock the Notifications