राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में सांवलियासेठ के चढ़ावे ने तोड़े रिकॉर्ड, 19 करोड़ के साथ और क्या ? जानिए
Rajasthan News: राजस्थान के विश्व प्रसिद्ध सांवलिया सेठ मंदिर में श्रद्धा और आस्था का बेजोड़ संगम लगातार बढ़ता ही जा रही है। आज चित्तौड़गढ़ के सांवलिया मंदिर में भंडार की गठना हुई जिसने पहले के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए।
चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया कस्बे में स्थित प्रसिद्ध कृष्णधाम सांवलियाजी के भंडार की गणना इस बार पांच चरणों में पूरी हुई है। वहीं चढ़ावा राशि की बात करें तो इस बार चढ़ावा राशि के सभी पुराने रिकॉर्ड टूट गए।
पांचवें व अंतिम चरण की गणना में ठाकुरजी के भंडार से अब तक कुल 15 करोड़ 58 लाख 50 हजार 284 रुपए प्राप्त हुए हैं तो भेंट कक्ष में राशि श्रद्धालुओं ने भेंट की है। इससे पहले तक एक माह के भंडार में कभी इतनी चढ़ावा राशि नहीं निकली है।

जानकारी के अनुसार भगवान श्री सांवलिया सेठ का भंडार गत दिनों दो दिवसीय मासिक मेले के पहले दिन कृष्ण पक्ष चतुर्दशी को खोला था। चतुर्दशी को पहले चरण में 07 करोड़ 70 लाख 41 हजार रुपए की गणना हुई।
सोमवार को हुई दूसरे चरण की गणना 04 करोड़ 35 लाख 40 हजार रुपए की राशि प्राप्त हुई थी। मंगलवार को तीसरे चरण की गणना में भंडार से 02 करोड़ 78 लाख 60 हजार रुपए की राशि प्राप्त हुई।
वहीं बुधवार को हुई चौथे चरण 62 लाख 01 हजार रुपए की राशि प्राप्त हुई। वहीं शेष बची राशि की गणना पांचवें चरण में गुरुवार को की गई।
अंतिम चरण की गणना में भंडार से 12 लाख 08 हजार 284 रुपए की राशि प्राप्त हुई। पांचों चरणों की गणना करने के बाद श्री सांवलिया सेठ के भंडार से इस माह कुल 15 करोड़ 58 लाख 50 हजार 284 रुपए की राशि प्राप्त हुई।
सांवलियाजी मंदिर के भेंट कक्ष कार्यालय में नगद व मनीआर्डर के रूप में 03 करोड़ 49 लाख 13 हजार 471 रुपए की राशि प्राप्त हुई।
ऐसे में इस माह ठाकुरजी के भंडार व भेंट कक्ष कार्यालय में कुल 19 करोड़ 07 लाख 63 हजार 755 रुपए की राशि प्राप्त हुई। साथ ही ठाकुरजी के भंडार से 305 ग्राम सोना तथा 27 किलो 250 ग्राम चांदी भी प्राप्त हुई।
भेंट कक्ष कार्यालय में 200 ग्राम 500 मिलीग्राम सोना तथा 61 किलो 627 ग्राम चांदी भेंट स्वरूप प्राप्त हुई। चढ़ावा राशि की गणना के दौरान सांवलियाजी मंदिर बोर्ड के अध्यक्ष भैरूलाल गुर्जर, सदस्य संजय कुमार मण्डोवरा, ममतेश शर्मा, अशोक कुमार शर्मा, श्रीलाल कुलमी मौजूद रहे।
नायब तहसीलदार व मंदिर मंडल प्रशासनिक अधिकारी प्रथम घनश्याम जरवाल, सहायक प्रशासनिक अधिकारी द्वितीय लेहरीलाल गाडरी, सुरक्षा प्रभारी गुलाब सिंह, सहायक सुरक्षा प्रभारी हरलाल गुर्जर सहित मंदिर मंडल तथा क्षेत्रीय बैंकों के कर्मचारी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications