IAS Tina Dabi ने पूरी की कालबेलिया समाज की सालों पुरानी मांग, नए साल में इस काम के लिए सौंपा जमीन का पट्टा
IAS Tina Dabi News: राजस्थान में कालबेलिया समाज लंबे समय से अपने लिए अलग जमीन के पट्टे की मांग कर रहा है। नए साल की शुरुआत में बाड़मेर की कलेक्टर टीना डाबी ने कालबेलिया समाज को बड़ी राहत दी है। उन्होंने इस समुदाय को श्मशान भूमि के लिए जमीन का पट्टा सौंपा है। यह मांग लंबे समय से चल रही थी, जिसे बाड़मेर प्रशासन ने पूरा कर दिया है।
पूरी दुनिया जहां नए साल के जश्न में डूबी है, वहीं राजस्थान के बाड़मेर जिले में कालबेलिया समाज को प्रशासन ने यह सौगात दी। बता दें कि राजस्थान का यह समुदाय पूरी दुनिया में अपनी नृत्य शैली और कलाओं के लिए जाना जाता है। आजादी के बाद भी लंबे समय तक इस समुदाय को मुख्यधारा में शामिल नहीं किया गया था।

IAS Tina Dabi ने कालबेलिया समाज को दी सौगात
भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा के सहयोग से कालबेलिया समाज के प्रतिनिधि जिला कलेक्टर टीना डाबी से मिले थे। उन्होंने अलग श्मशान भूमि की मांग की थी। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया था। बताया जा रहा है कि प्रशासन और भाजपा नेता की ओर से समाज को एक सप्ताह में पट्टा देने का वादा किया गया था। हालांकि, यह काम सिर्फ चार दिन में ही पूरा कर लिया गया। श्मशान के लिए भूमि आवंटित होने के बाद समाज के लोगों ने प्रशासन का आभार जताया है।
कालबेलिया (Kalbelia community) समुदाय ने जताया आभार
पट्टा सौंपे जाने के दौरान कालबेलिया समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समाज के वरिष्ठ लोगों ने जिला प्रशासन, कलेक्टर टीना डाबी और भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा का आभार जताया। इस मौके पर बाड़मेर प्रशासन की ओर से कहा गया कि समाज की मूलभूत जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा ने कहा कि हर समाज को सम्मान और सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है और जरूरत पड़ने पर वे हमेशा जनता के साथ खड़े रहेंगे।
कालबेलिया समाज के लोगों ने इसे नए साल का सबसे बड़ा तोहफा बताया। समुदाय के प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्षों से चली आ रही उनकी एक बड़ी समस्या का समाधान अब जाकर हुआ है। इस फैसले से समाज में संतोष और भरोसे का माहौल बना है।












Click it and Unblock the Notifications