एक्सीडेंट : चूरू के रतनगढ़ में एनएच 11 पर सड़क हादसे में पति-पत्नी व दो साल बेटी की मौत
चूरू, 4 दिसम्बर। राजस्थान के चूरू जिले के रतनगढ़ से गुजर रहे नेशनल हाइवे 11 पर राजलदेसर आईटीआई के पास पिकअप और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक पर सवार पति-पत्नी व दो साल की बेटी सहित तीन की मौत हो गई, जबकि उनका चार वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल है।

बाइक टक्कर के बाद चकनाचूर हो गई
हादसा इतना भीषण था कि बाइक टक्कर के बाद चकनाचूर हो गई और बाइक सवार पति-पत्नी व उनके दो बच्चे सड़क पर गिर गए। सड़क पर गिरने से दो साल की बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। आस-पास के लोगों ने चारों को राजलदेसर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीकानेर रैफर कर दिया गया। बीकानेर में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि चार साल के बेटे की हालत गम्भीर बनी हुई है।

बाइक पर सवार होकर अपने ससुराल से गांव की ओर जा रहा था
राजलदेसर पुलिस थाने के हैड कांस्टेबल राजेंद्रसिंह बीका ने बताया कि परसनेऊ निवासी 22 वर्षीय मंगलाराम नायक अपनी 20 वर्षीय पत्नी मंजूदेवी, चार वर्षीय बेटे अशोक एवं दो वर्षीय बेटी प्रियंका के साथ बाइक पर सवार होकर अपने ससुराल से गांव की ओर जा रहा था।

पिकअप से भिड़ंत हो गई
तभी सामने से आ रही पिकअप से भिड़ंत हो गई। घटना में बाइक के परखच्चे उड़ गए। 2 वर्षीय प्रियंका की मौत हो गई। मांगीलाल, मंजू व अशोक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने बीकानेर रैफर कर दिया।

मांगीलाल व मंजू की मौत हो गई
बीकानेर में मांगीलाल व मंजू की मौत हो गई, वहीं अशोक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया तथा घर में कोहराम मच गया। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।












Click it and Unblock the Notifications