राजस्थान में भारी बारिश: CM भजनलाल शर्मा ने सड़कों पर उतरकर जायजा, जानिए कहां-कैसे हैं हालात?
राजस्थान में बदरा जमकर बरस रहे हैं। बारिश से कई शहर-कस्बे जलमग्न हो गए हैं। राजधानी जयपुर, टोंक, कोटा, बूंदी, अजमेर और बीकानेर में भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने राजस्थान के 21 जिलों में बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की मानें तो आगामी दो सप्ताह तक मानसून की बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। 18 जुलाई तक अच्छी बारिश की उम्मीद है। जयपुर व इसके आसपास के इलाकों के लिए यलो और कोटा के आस-पास के इलाकों के लिए ओरेंज अलर्ट जारी कर रखा है।

सीएम भजनलाल शर्मा बारिश से प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए सड़कों पर उतरे। उनके साथ प्रमुख सचिव शिखर अग्रवाल, यूडीएच विभाग के प्रिंसिपल सचिव टी रविकांत आदि भी थे। CM भजनलाल शर्मा ने मेट्रो प्रोजेक्ट मानसरोवर का भी जायजा लिया।
जयपुर में शुक्रवार को दोपहर में जेएलएन मार्ग, अजमेर रोड, टोंक रोड, मालवीय नगर में भारी बारिश से जलभराव की समस्या हुई। सड़कें भी पानी से लबालब हो गई। जगतपुरा, सांगानेर, न्यूसांगानेर रोड, त्रिमूर्ति सर्किल, अजमेर रोड, श्याम नगर तिराहे के आस-पास के इलाके में अच्छी बारिश हुई है।
जयपुर के पड़ोसी जिले टोंक के मालपुरा इलाके में खूब बारिश हुई। यहां के चांदसेन बांध में एक फीट से अधिक पानी आया। शाम पांच बजे तक चौबीस घंटों में बूंदी में 110, नैनवां में 181 मिमी बारिश हुई। जयपुर में 31.1 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारां क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश से कस्बे सहित आसपास के नदी-नाले उफान पर आ गए। कस्बे के वन नका क्षेत्र स्थित कुंडाखोह जलप्रपात पानी की अधिक आवक के चलते उफन गया।












Click it and Unblock the Notifications