शादी की खुशी में पागल हुआ दूल्हा, सरेआम कर दिया ऐसा काम कि अब पुलिस कर रही है तलाश
जयपुर, फरवरी 20। पुलिस की सख्ती और कड़े कानून के बावजूद भी शादियों में हर्ष फायरिंग की घटनाएं आज भी होती हैं। गांव-देहात में ये घटनाएं आम हैं और कभी-कभी ऐसी घटनाएं बड़े हादसे का रूप ले लेती हैं। ऐसे में पुलिस का शिकंजा ऐसे लोगों पर कसना जरूरी है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक दूल्हा अपनी ही शादी में फायरिंग करता हुआ दिख रहा है। ये वीडियो राजस्थान के जोधपुर में सूरसागर इलाके का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस अब इस फायरिंग वाले दूल्हे की तलाश में जुट गई है।

वीडियो वायरल होने के बाद दूल्हे की आई शामत
जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो सूरसागर इलाके का बताया जा रहा है। पुलिस ने इस दूल्हे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और पुलिस इस दूल्हे की तलाश में जुट गई है। आजतक की खबर के अनुसार, वायरल वीडियो में नजर आ रहा शख्स घनश्याम जाट है, जिसकी जनवरी में शादी हुई थी। सूरसागर थाना इलाके के नारवा गांव में शादी की बिंदोली में दूल्हा घनश्याम जाट अपने साथियों के साथ डांस कर रहा था। नाचते-नाचते दूल्हे ने तमंचे से दो हवाई फायर कर दिए और उसके बाद तमंचा जेब में डाल लिया। किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
अवैध तमंचे से किया फायर
अब करीब एक महीने बाद ये मामला पुलिस की नजर में आया है तो पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जोधपुर की सूरसागर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और घनश्याम की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया है कि 28 जनवरी को शादी में घनश्याम ने जिस तमंचे से फायर किए थे, वो तमंचा भी अवैध है। इसी के चलते पुलिस ने दूल्हे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को बहुत जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications