राजस्थान : पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के नाम पर साढ़े चार लाख रुपये की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
चूरू, 25 जून। पूर्व केंद्रीय मंत्री और जयपुर ग्रामीण से बीजेपी सांसद कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया है। आरोपी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री से खुद की पहचान का दावा किया और एक शख्स से एलडीसी परीक्षा में चयन कराने के नाम पर साढे चार लाख रुपए ठग लिए।

पूरा मामला राजस्थान के चूरू जिले का है। चूरू जिला मुख्यालय के अग्रसेन नगर के एक व्यक्ति से एलडीसी परीक्षा में चयन कराने के नाम पर साढे चार लाख रुपए की ठगी करने के आरोपी हितेन्द्र सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हितेन्द्र सिंह के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ 3 जून को शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके पुलिस ने आरोपी हितेंद्र को चूरू जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है।
चूरू सदर थाना एचसी संजय के अनुसार आरोपी हितेंद्र ने पीड़ित युवक को कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के हस्ताक्षर शुदा एक लेटर पैड भी दिया था। पीड़ित युवक का साल 2019 में परीक्षा परिणाम आया और उसका सरकारी नौकरी के लिए चयन नहीं हुआ तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।
बाद में पता चला कि हितेंद्र सिंह और उसकी पत्नी सोनिया और उसके परिवार वाले कई लोगों से सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपए हड़प चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications