हनुमानगढ़ : कार-बाइक की भिड़ंत में पांच की मौत, एक बाइक पर सवार थे पति, पत्नी, बेटा व भांजी
हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ में दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की मौत हो गई। हादसे का शिकार हुआ परिवार शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था। भादरा इलाके में हादसे में इनकी जान चली गई। मृतकों में पति-पत्नी, बेटा व भांजी शामिल थी। ये सभी बाइक पर सवार थे जबकि एक कार चालक ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार हरियाणा के हिसार का एक परिवार राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के भादरा में शादी समारोह में आया हुआ था। रात को मोटरसाइकिल पर होकर घर लौट रहे था। यह परिवार मूलरूप से भादरा का ही रहने वाला था और वर्तमान में हरियाणा के हिसार के मोहब्बतपुरा गांव में रह रहा था। भादरा के गांव शेरपुरा के पास उनकी मोटरसाइकिल व एक कार में भिड़ंत हो गई। हादसे में जगतपाल, उसकी पत्नी सरिता, बेटा रोहन और भांजी सीमा व कार चालक जान मोहम्मद घायल गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को भादरा के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां जगतपाल की मौत हो गई। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हरियाणा रेफर कर दिया गया। हरियाणा रैफर किए जाने के बाद हिसार में बाइक सवार तीन अन्य घायलों की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। साथ ही कार चालक ने सिरसा में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications