'IPS दूल्हा' निकला किराना का दुकानदार, मसूरी में LBSNAA के बाहर खड़े हो फोटो खिंचवाकर करवाई थी सगाई
Sunil Kumar Fake IPS Jaipur Rajasthan: राजस्थान में शादी के नाम पर अनूठा फर्जीवाड़ा सामने आया है। खुद को आईपीएस अधिकारी बताने वाला सगाई के बाद किराना का दुकानदार निकला है। युवती के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने फर्जी आईपीएस को हिरासत में लिया है। शादी के लिए धोखाधड़ी करने का मामला राजस्थान की राजधानी जयपुर के प्रागपुरा इलाके का है।
मीडिया की खबरों के अनुसार जयपुर के प्रागपुरा इलाके का रहने वाला सुनील कुमार उत्तराखंड के मसूरी में किराना की दुकान चलाता है। एक लड़की से रिश्ते की बात चली तो पहले उसने खुद को राजस्थान पुलिस कांस्टेबल और फिर अलवर आयकर विभाग में अधिकारी बताया। बात नहीं बनी तो कुछ दिन बाद उसने बोला कि उसने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा पास कर ली और उसका भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में चयन हो गया।
यह भी पढ़ें- Sunil Sankhla: शादी के लिए बना फर्जी IPS, उदयपुर घूमने आया तो सैल्यूट मारने से खुली पोल

आज तक की खबर के अनुसार सुनील इतना शातिर निकला कि उसने सगाई करवाने के लिए पुलिस की वर्दी खरीदी और मसूरी में किराना की दुकान से समय निकालकर लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) जाता और उसने सामने खड़े होकर तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देता था। मसूरी में LBSNAA वो जगह है, जहां आईएएस व आईपीएस अधिकारियों को ट्रेनिंग दी जाती है।
तस्वीर देखकर युवती के परिजनों ने सुनील की बातों पर यकीन कर लिया और दोनों की सगाई कर दी। कुछ समय तो ठीक रहा, मगर बाद में चौंकाने वाली हकीकत सामने आने पर युवती के परिजनों के पैरों तले से जमीन खिसक गई।

ऐसे खुली फर्जी आईपीएस सुनील की पोल
सगाई होने के बाद सुनील ने युवती के भाई व दोस्तों को घुमाने के लिए मसूरी बुलाया। तब सुनील की पोल खुल गई। स्थानीय लोगों ने युवती के भाई व दोस्तों को जानकारी दी कि सुनील आईपीएस नहीं है बल्कि किराना की दुकान पर काम करता है।
फेक आईपीएस अफसर सुनील की हकीकत सामने आने पर लड़की के परिजनों ने सगाई तोड़ दी और सगाई में दिया गया सामान वापस मांगा तो सुनील के परिवार ने लौटाने से इनकार कर दिया। इस पर उसके खिलाफ पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस सुनील को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications