कोरोना वैक्सीन के डर से झाड़ियों में छुपी बुजुर्ग महिला, लोग उसे समझते रहे किसी की लाश
चित्तौड़गढ़, 27 मई। कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच बुजुर्गों को वैक्सीन लगाने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, मगर टीके को लेकर अभी जागरूकता का अभाव देखा जा रहा है। इसका ताजा मामला राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में सामने आया है।

70 वर्षीय धापू बाई गमेती को वैक्सीनेशन से डर
जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ जिले के बड़ी सादड़ी इलाके की किरतपुरा ग्राम पंचायत के गांव बाघेला का खेड़ा में लोगों को कोरोना का टीका लगाने के लिए शिविर लगाया गया था गांव 70 वर्षीय धापू बाई गमेती वैक्सीनेशन से इतनी डरी हुई थीं कि गांव के पास जंगल के झाड़ियों में जाकर छुप गई।

शव की आशंका में झाड़ियों में जाकर देखा
वह भूखी-प्यासी छुपकर लेटी रही। इसी दौरान पास के खेत में काम कर रहे किसी व्यक्ति ने महिला को झाड़ियों में पड़ा देखा तो सरपंच प्रतिनिधि नीतिराज सिंह को सूचना दी। वे लोग शव की आशंका में झाड़ियों में जाकर देखा तो वहां जिंदा बुजुर्ग महिला धापू बाई सो रही थी।

धापू बाई लोगों के हाथ-पांव जोड़ने लगी
धापू बाई लोगों के हाथ-पांव जोड़ने लगी और कहती रही कि उसे कोरोना का टीका नहीं लगवाना है। टीका लगवाने पर उसकी मौत हो जाएगी। सरपंच प्रतिनिधि ने बहुत समझाया, तब जाकर महिला बाहर आई। सरपंच प्रतिनिधि का कहना है कि कुछ लोगों ने टीकाकरण को लेकर ग्रामीणों के मन में डर पैदा कर दिया है। प्रशासन को इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications