Banas River Video: राजस्थान की बनास नदी में डूबने से आठ दोस्तों की मौत, जयपुर से टोंक गए थे पिकनिक मनाने
Banas River Tonk Rajasthan: राजस्थान के टोंक जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। बनास नदी में नहाते समय डूबने से आठ युवकों की मौत हो गई। ये सभी जयपुर के रहने वाले थे और पिकनिक मनाने के लिए टोंक स्थित बनास नदी के फ्रेजर ब्रिज के पास पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक, जयपुर से 11 दोस्त मंगलवार को टोंक में पिकनिक मनाने पहुंचे थे। तेज गर्मी से राहत पाने के लिए सभी ने बनास नदी में उतरकर नहाना शुरू किया। हालांकि उन्हें नदी की गहराई का अंदाज़ा नहीं था। देखते ही देखते सभी दोस्त पानी में बहते चले गए और हादसे का शिकार हो गए।

स्थानीय ग्रामीणों को जैसे ही इस घटना की सूचना मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और नदी में डूब रहे युवकों को निकालने की कोशिश की। ग्रामीणों ने आठ युवकों को बाहर निकालकर टोंक के सआदत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक सभी आठों युवक जयपुर के निवासी थे। हालांकि, उनकी पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। वहीं, तीन अन्य युवकों की तलाश के लिए स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है, जो अभी भी जारी है।
बनास नदी में डूबने से हुई आठ मौतों पर एसपी टोंक विकास सांगवान ने कहा, "जयपुर से 11 वयस्क यहां पिकनिक मनाने आए थे। ऐसा माना जा रहा है कि समूह के कुछ लोग नदी में उतरे और डूब गए। जब बाकी लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की तो वे भी डूब गए।"












Click it and Unblock the Notifications