राजस्थान के डॉ. विश्वास मेहता बनेंगे केरल के मुख्य सचिव, रोजाना 17 घंटे करते हैं काम
डूंगरपुर। राजस्थान के डॉ. विश्वास मेहता पर केरल सरकार ने भरोसा जताया है। इन्हें केरल का मुख्य सचिव बनाया गया है। 31 मई को कार्यभार संभालेंगे। ये निवर्तमान मुख्य सचिव टॉम जोस का स्थान लेंगे। वर्तमान में केरल सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) एवं सतर्कता का कार्यभार संभाल रहे डॉ. मेहता मूलरूप से राजस्थान के डूंगरपुर शहर के रहने वाले हैं।

कोविड-19 के खिलाफ जंग की कमान इनके हाथ में
1986 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. विश्वास मेहता केरल में अपने काम के दम पर पहचाने जाते हैं। कोरोना महामारी के खिलाफ केरल में लड़ी जा रही जंग की कमाने भी डॉ. मेहता के हाथ में है। केरल के मुख्यमंत्री विजयन ने अब इन्हें राज्य का मुख्य सचिव नियुक्त किया है।

कोरोना महामारी में केरल को बनाया मॉडल राज्य
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार डॉ. विश्वास मेहता केरल सरकार द्वारा गठित 4 आपात समूहों के कार्यों का सुपरविजन करते हुए रोज अपने 17-18 घंटे के काम की रिपोर्ट सीधे ही मुख्यमंत्री को देते हैं। मुख्यमन्त्री पिनराई विजयन के नेतृत्व में राज्य सरकार की जबर्दस्त रणनीति के कारण ही आज केरल देश में एक मॉडल राज्य माना जा रहा है। मार्च में लॉकडाउन शुरू होने के बाद से राज्य के श्रम विभाग के अनुसार केरलभर में 20,826 शिविर लगाए, जहां 3,61,190 प्रवासी मजदूरों को रखा गया है।

आईएएस डॉ. विश्वास मेहता की जीवनी
बता दें कि डॉक्टर विश्वास की प्रारंभिक शिक्षा डूंगरपुर में हुई। इसके बाद इन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से बीएसएसी और एमएससी की उपाधि गोल्ड मेडल के साथ प्राप्त की। वर्ष 1986 में नौवीं रैंक हासिल कर डॉक्टर विश्वास आईएएस बने। इन्हें केरल कैडर मिला। 1987 में केरल के क्यूलोन में अतिरिक्त् जिला कलेक्टर के रूप में पहली नियुक्ति हुई। इसके बाद केरल व केन्द्र सरकार में कई अहम पदों पर सेवाएं दी। 1999 से 2005 तक उदयपुर में पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के निदेशक भी रहे।












Click it and Unblock the Notifications