कब्रिस्तान में नहीं दफनाने दिया शव तो वापस घर लाकर रख दिया, 12 घंटे बाद नसीब हुई मिट्टी
धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले के नौरंगाबाद गांव में इंतकाल के बाद एक शख्स के शव को दफन करने के लिए 12 घंटे का इंतजार करना पड़ा है। इसकी वजह यह बताई जा रही है कि गांव के दबंगों ने उन्हें कब्रिस्तान में शव को दफनाने से रोक दिया था।

मृतक के परिजनों ने इसकी सूचना उपखंड प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही ग्राम विकास अधिकारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मामला शांत कर कब्रिस्तान में पुलिस ने अपने सामने खुदाई करवाकर शव को दफनाया। मामले के अनुसार नौरंगाबाद गांव में सुखपाल का बुधवार देर शाम को देहांत हो गया। इसके बाद परिजन अपने दादा के शव को लेकर गांव में नवनिर्मित कब्रिस्तान में दफनाने ले गए लेकिन गांव के कुछ कथित दबंगों ने शव को दफनाने नहीं दिया।
इसके बाद परिजन अपने दादा के शव को लेकर वापस घर ले आए और शव घर पर रख दिया। पीड़ित पक्ष ने इसकी सूचना उपखंड प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही उपखंड प्रशासन ने मामले में तत्परता दिखाते हुए ग्राम विकास अधिकारी को पुलिस बल के साथ गांव में भेज दिया। गांव में पहुंचे ग्राम विकास अधिकारी ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मामला शांत कर कब्रिस्तान में शव को दफनवाया।












Click it and Unblock the Notifications